Headlines

Esha Deol Remembers Dharmendra | Father Advice Legacy & Film Career


21 मिनट पहलेलेखक: आशीष तिवारी

  • कॉपी लिंक

लीजेंड्री एक्टर धर्मेंद्र को गुजरे आज पूरे एक साल पूरे हो चुके हैं। धर्मेंद्र की पहली बरसी पर बेटी ईशा ने दैनिक भास्कर से बातचीत में पिता के साथ बिताए पलों, उनकी सीख, परिवार के महत्व और अपनी फिल्म ‘प्रताप’ के बारे में खुलकर बात की। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र नहीं चाहते थे कि वो फिल्मों में आएं, लेकिन जब वो आईं, तो पिता ने उन्हें सिर्फ एक ही सीख दी कि सेल्फ रिस्पेक्ट और गरिमा बनाए रखना। धर्मेंद्र अपने खेत में लालटेन बनाकर बेटी को तोहफे में देते थे, इन्हीं लालटेन को अब ईशा ने अपनी इंटीरियर डिजाइनिंग कंपनी का लोगो बनाया है।

धर्मेंद्र की पुण्यतिथि पर पढ़िए, उनकी बेटी ईशा से हुई दैनिक भास्कर की पूरी बातचीत-

पापा ने कहा- सेल्फ रिस्पेक्ट-गरिमा बनाए रखना

ईशा देओल, धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की बड़ी बेटी हैं। उन्होंने पेरेंट्स के नक्शे कदम पर चलते हुए फिल्मों में आने का मन बनाया, लेकिन धर्मेंद्र नहीं चाहते थे कि उनकी बेटियां फिल्मों में आएं। वो चाहते थे कि बेटियों की अच्छे घरों में शादी हो और वो परिवार बसाएं। लेकिन ईशा ने जिद कर फिल्मों में आने का फैसला किया।

इस पर उन्होंने कहा- ‘ऐसा नहीं है कि पापा से कभी झगड़ा हुआ है। हमेशा वो प्यार से ही मना करते थे। एक अंडरस्टैंडिंग और कॉन्फिडेंट बिल्ट करना था। उन्हें भरोसा दिलाना था। उनकी कही बात आज भी याद है, वो हमेशा कहते थे कि अब कर रही हो तो हमेशा लगे रहो, दिल से करो काम। मेहनत करो, लेकिन याद रखना की सेल्फ रिस्पेक्ट और डिग्निटी हमेशा एक लड़की के लिए बहुत जरूरी है, जिसे मैंटेन करके रखना चाहिए।’

धर्मेंद्र के निधन के बाद खबरें थीं हेमा और धर्मेंद्र की पहली पत्नी के परिवार में अनबन है, इस पर ईशा ने कहा, ‘परिवार परिवार होता है और बाहर की दुनिया, बाहर की होती है। सबसे पहले हम चाहते थे कि हम जो भी करें, पहले मां-बाप की आंखों में खुशी देखें। 3-5 साल की उम्र से ही, जब हम स्पोर्ट्स डे में मेडल जीतते हैं, तो किसके पास दौड़कर जाते थे, पेरेंट्स के कि देखिए हम जीत गए। पहला वैलिडेशन परिवार का होता है। और फैमिली सपोर्ट भी। मुझे परिवार के साथ वक्त बिताना पसंद है।’

धर्मेंद्र के निधन के बाद ईशा, सनी देओल की फिल्म गदर 2 के प्रमोशन का हिस्सा बनीं। इसके बाद भी परिवार कई वजहों से साथ नजर आया। जब ईशा से कहा गया कि परिवार को साथ देख उनके फैंस को भी खुशी मिलती है, तो उन्होंने भावुक होकर कहा, ‘ये सब पापा की वजह से है। पापा ने सबको अपना परिवार बना लिया, अपने प्यार से। वही लगातार चलता है।’

धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। ईशा ने इस पर एक भावुुक नोट भी शेयर किया था। अब उन्होंने कहा, ‘पापा को पद्म विभूषण मिलना हम सबके लिए गर्व की बात है। पापा इससे कई बड़ी चीजों के हकदार थे। मुझे लगता है कि उन्हें इससे भी ज्यादा सम्मान मिलना चाहिए था। पापा के लिए सबसे बड़ा सम्मान हमेशा दर्शकों का प्यार रहा। उन्होंने अपनी फिल्मों से लोगों को जो खुशी दी और लोगों ने उन्हें जो प्यार दिया, वह किसी भी पुरस्कार से बड़ा है। आज भी लोग उन्हें याद करते हैं, उनकी फिल्में देखते हैं और उनके बारे में बात करते हैं। यही उनकी सबसे बड़ी उपलब्धि है।’

हेमा मालिनी, धर्मेंद्र की ओर से ये सम्मान लेने पहुंचीं।

हेमा मालिनी, धर्मेंद्र की ओर से ये सम्मान लेने पहुंचीं।

फिल्मों में अब से अपने नाम के साथ धर्मेंद्र का नाम जोड़ेंगी ईशा

ईशा ने अब फिल्मों के क्रेडिट में अपने नाम के साथ पिता का नाम जोड़ने पर कहा, ‘मेरा नाम हमेशा से ईशा धर्मेंद्र देओल रहा है। मेरे पासपोर्ट और बाकी डॉक्यूमेंट्स में भी यही नाम है। लेकिन फिल्मों में अब तक मैं ईशा देओल के नाम से ही काम कर रही थी। अब मुझे लगा कि पापा का नाम भी मेरे साथ होना चाहिए। वह हमेशा मेरे साथ हैं। उनकी फिल्में, उनका काम और उनकी विरासत हमेशा हमारे साथ रहने वाली है। मैं चाहती हूं कि आगे मेरी फिल्मों में भी मेरा नाम ईशा धर्मेंद्र देओल ही लिखा जाए। जब पहली बार फिल्म प्रताप के पोस्टर पर अपना नाम इस तरह देखा तो मेरी आंखों में आंसू आ गए। उनकी बेटी होने के नाते मैंने कहा था कि मैं उनकी लीगेसी आगे लेकर जाऊंगी, जिस भी तरह हो।’

ईशा देओल ने फिल्मों में अभिनय के साथ-साथ इंटीरियर डिजाइनिंग की फील्ड में कदम रखते हुए ईशा देओल डिजाइन कंपनी शुरू की। ईशा ने बताया है कि इस कंपनी की शुरुआत और इसके लोगों का भी धर्मेंद्र से खास कनेक्शन है।

जब उनसे पूछा गया कि इंटीरियर डिजाइनर बनने की शुरुआत कैसे हुई, तो जवाब में उन्होंने कहा, ‘जब मैं फिल्मों में आई थी, तो पता नहीं था कि परमिशन मिलेगी भी या नहीं। मन में था कि कुछ काम करूं। मुझे इंटीरियर डिजाइनिंग का इंट्रेस्ट हमेशा से था। मैंने इंटीरियर डिजाइनर नीतू कोहली को असिस्ट भी किया था। मुझे लगा था कि अगर फिल्मों में आने की इजाजत नहीं मिलती, तो ये मेरा प्लान-बी था।’

आगे ईशा ने कहा, ‘लोग नहीं जानते लेकिन पापा भी एक इंटीरियर डिजाइनर थे। हम जब भी बात करते थे, हमेशा फर्नीचर, लाइट, सोफा फेब्रिक और लकड़ी पर होती थी। मैं हमेशा से दोस्तों और फैमिली के लिए इंटीरियर डिजाइनिंग कर रही थी। पापा कहते थे कि ये भी करना चाहिए। ये खुशी की बात है कि ईशा धर्मेंद्र देओल डिजाइन ने अब हाउस ऑफ अभिनंदन लोढ़ा के साथ कोलेब किया है।’

धर्मेंद्र ने हाथों से बनी लालटेन गिफ्ट की, उसी को बनाया लोगो

इंटीरियर डिजाइनिंग कंपनी का लोगो का धर्मेंद्र से एक खास कनेक्शन है, इस पर उन्होंने कहा, ‘पापा के फार्म में कई बार पेड़ गिर जाते थे, तो वो उसकी लकड़ी से काफी फर्नीचर बनाया था। बहुत सुंदर। उन्होंने कुछ लालटेन भी बनाए थे। वो मुझसे कहते थे कि बिट्टू (ईशा को धर्मेंद्र प्यार से कहते थे), ये लालटेन तुम्हारे घर में मैच होगा, इसे घर में लगाना। मैंने घर में वो लालटेन लगाए थे। जब मैंने ब्रांड लॉन्च किया, तो सबने कहा, लोगो होना चाहिए, तो मैंने उसी लालटेन को लोगो बनाया।’

मां हेमा मालिनी ने सिखाया हीरो से गले कैसे मिलते हैं

बातचीत में ईशा ने ये भी बताया कि जब वह नई-नई फिल्मों में आईं, तो मां ने उन्हें हीरो से गले मिलने और हेयरस्टाइलिंग से जुड़ीं खास टिप दी थीं। उन्होंने कहा, ‘मम्मी एक मां और महिला होने से जुड़े टिप्स देती थीं। वो खुद भी बिजी थीं अपने काम में। मैंने अपनी स्क्रिप्ट खुद पढ़ीं। मैं 20 साल की थी। कुछ फिल्में कीं, कुछ छोड़ दीं। मेरा माथा बड़ा है, मम्मी का भी बड़ा है, तो उन्हें पता था कि बड़े पर्दे पर माथे को किस हेयरस्टाइल से छिपाया जा सकता है। मां ने सिखाया कि किसी सीन में बिना गले मिले, हीरो को गले कैसे लगाना है। ये सब बहुत काम आया।’

फिल्म प्रताप देखकर हेमा मालिनी ने किया था मैसेज

ईशा देओल की फिल्म प्रताप 20 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। इस फिल्म में उनके साथ एक्टर अमित साध भी हैं। ये फिल्म एनकाउंटर स्पेशलिस्ट सी.पी.प्रताप रनाड़े की जिंदगी पर बनी है। फिल्म में ईशा ने प्रताप की पत्नी पूनम का किरदार निभाया है।

ईशा ने बताया कि उनकी नई फिल्म प्रताप देखकर मां ने तारीफ की थी। उन्होंने कहा, ‘उन्हें फिल्म बहुत पसंद आई। हम साथ ही स्क्रीनिंग में गए थे, लेकिन हमारी सीट्स अलग थीं। एक मजेदार बात यह है कि मां अक्सर फिल्म देखते हुए पांच दस मिनट में सो जाती हैं, लेकिन ‘प्रताप’ देखने के बाद उन्होंने मुझे मैसेज कर फिल्म की तारीफ की और साथ ही लिखा कि देखा मैं इस बार नहीं सोई। मेरे लिए यह भी बहुत बड़ी तारीफ थी। मां की प्रतिक्रिया मेरे लिए हमेशा मायने रखती है। उन्होंने अमित साध, निर्देशक और मेरे काम की तारीफ की।’

पहली फिल्म की शूटिंग में ईशा की एक्टिंग देख, हेमा मालिनी ने की थी तारीफ

जब पूछा गया कि आपकी नई फिल्म प्रताप के अलावा मां को आपकी कौन सी फिल्में पसंद आईं, तो जवाब में ईशा ने कहा, ‘मां तो सीधे बोलती थीं कि ये फिल्म बुरी है, ये अच्छी है, लेकिन उन्हें अनकही फिल्म बहुत पसंद आई थी। इसके अलावा उन्हें ना तुम जानों न हम पसंद आई थी। मेरी पहली फिल्म कोई मेरे दिल से पूछे की आउटडोर शूटिंग में मम्मी भी थीं। वहां एक सीन था, जिसमें मुझे खुलकर हंसना था। डायरेक्टर ने कहा, एक्शन, हंसो। मैं एकदम खुलकर हंसी। मां ने मुझे साइड में बुलाकर कहा कि ये बहुत मुश्किल है, अगर तुम नेचुरली हंस रही हो, तो तुम एक अच्छी एक्ट्रेस हो। उन्हें युवा भी बहुत पसंद आई थी।’

फिल्म ‘प्रताप’ में पूनम रानाडे के किरदार पर ईशा ने कहा, ‘पूनम का किरदार कई परतों वाला है। वह एक एनकाउंटर स्पेशलिस्ट की पत्नी है। उसकी अपनी जिंदगी, अपनी परेशानियां और अपनी चुनौतियां हैं। जब उसके पति की दुनिया में उथल-पुथल मचती है तो उसका असर पूनम की जिंदगी पर भी पड़ता है। मेरे लिए चुनौती यह थी कि किरदार कहीं एकतरफा या नकारात्मक न लगे। उसके फैसलों के पीछे की मजबूरियों और भावनाओं को समझना जरूरी था। मैं चाहती थी कि दर्शक उसके दर्द और उसकी स्थिति से जुड़ सकें। कहानी आगे बढ़ने के साथ वह अपनी पहचान और अपनी ताकत को भी समझती है।’

ईशा के पास प्रताप के बाद आने वाले दिनों में कौन कौन से प्रोजेक्ट हैं?, जवाब में उन्होंने कहा, ‘‘प्रताप’ के अलावा ‘मलामाल वीकली 2’ और ‘घूंघट’ जैसे प्रोजेक्ट हैं। ‘मलामाल वीकली 2’ की स्क्रिप्ट बहुत मजेदार है। मुझे कुछ हल्का फुल्का, हंसाने वाला और मनोरंजक काम करने का मन था। यह फिल्म उसी तरह की है। ‘घूंघट’ हॉरर कॉमेडी है और उसका मिजाज भी अलग है। मैं चाहती हूं कि अलग अलग तरह के किरदार करती रहूं और दर्शकों को हर बार कुछ नया देखने को मिले।’



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *