गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने दावा किया है कि कनाडा में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या उसी ने करवाई थी। इससे जुड़ा एक ऑडियो सामने आया है। इसमें गोल्डी बराड़ आतंकी परमजीत सिंह उर्फ पम्मा से कह रहा है कि निज्जर को इसलिए टारगेट किया गया, क्योंकि
.
ऑडियो में वह कह रहा है कि
जिन कोठियों में बैठकर मेरे भाइयों को मरवाया गया, वे उन्हीं लोगों की थीं। इसी वजह से मेरा खून खौलता था। मैं उसे छोड़ नहीं सकता था। गुरु घर की इज्जत के कारण अंदर गोली नहीं चलाई गई। अगर अंदर गोली चलानी होती या बदतमीजी करनी होती तो अर्श डाला को भी मार दिया जाता।

गोल्डी बराड़ ने कथित ऑडियो में कहा कि गुरु घर की इज्जत के लिए सब्र रखा और गेट के बाहर आने तक इंतजार किया। उसे लगा था कि अर्श डाला भी गाड़ी में साथ है। उसने इसे अपनी गलती बताते हुए कहा कि अगर उस समय अर्श डाला को भी मार दिया होता तो उसे बार-बार सफाई देने की जरूरत नहीं पड़ती।
गौरतलब है कि निज्जर की हत्या 18 जून 2023 को कनाडा के सरे में कर दी गई थी। हमलावरों ने गुरुद्वारा के बाहर निकलते ही घेरकर 50 राउंड फायरिंग की थी, जिसमें से 34 गोलियां निज्जर को लगीं थी।
कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने निज्जर की हत्या के पीछे भारत सरकार के एजेंटों का हाथ होने के आरोप लगाए थे। हालांकि, भारत सरकार ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए ‘बेतुका और राजनीति से प्रेरित’ बताया था।

कनाडा में रहते हुए निज्जर प्रतिबंधित खालिस्तान समर्थक संगठन सिख फॉर जस्टिस यानी SFJ के प्रमुख गुरपतवंत सिंह पन्नू के करीब आया था।
ऑडियो में गोल्डी बराड़ ने आतंकी परमजीत से ये बातें कही…
- ऑडियो में गोल्डी बराड़ ने कहा निज्जर ने बहुत अच्छे काम किए हुए होंगे। मैं नहीं कहता, नहीं किए होंगे। लेकिन जो उन्होंने गलती की है, सुखा दूनेके और अर्श डाला का पुराना रिकॉर्ड निकाल लिया जाए। उन्होंने इनकी भी जड़ें काटी हैं।
- इनके घर पर रहे, इनकी गारंटी पर असले के लिए पैसे लिए, इनके बंदे पकड़वाए। पुलिस के साथ रिलेशन बनाए। आज जो वही लोग इंडिया की एजेंसियों के भी मुखबिर बने हुए हैं, अर्श डाला जैसे… बाहर की एजेंसियों के तो हैं ही। ठीक है। आप सबकी जड़ें काटी हैं। कभी भला नहीं है।
- आप हमें दुश्मन समझते हो। आप पता कर लो, मेरे कितने भाई अंदर हैं, जो बेअदबी वाले लोगों के घरों पर गोलियां मरवाने के लिए मैंने आदमी भेजे। 15-16 लड़के हैं, मैं आपको लिस्ट भेजता हूं। प्रदीप को हमने मार दिया था, जिसके चक्कर में पांच-छह अंदर हैं। शूटर हैं।
- हत्या से पहले दो अटेंप्ट किए, जो मिस हुए। जो उसमें अंदर हैं। लोगों को लगता है, सिद्धू को मारने के बाद हमने बेअदबी वालों को मारा है। सिद्धू को मारने से पहले ही हमने दो बार बेअदबी वालों को टारगेट किया था। वह अंदर हैं। 16 लड़के अंदर हैं। आप जाकर पूछें कि इतने सालों से कौन आपको संभालता है। किसी जत्थेबंदी ने आकर पूछा?
- 2018 में बुर्ज जवाहरसिंह वाला में जो प्रेमी गुरदीप सिंह मारा था। उसमें रिवॉल्वर मैंने दिया था। जो लड़के उसे मारकर आए थे। मुझे नहीं बताने की जरूरत मैं कौन हूं, कौन नहीं है। हमारे काम बताएंगे। मैं न तो किसी जत्थेबंदी का दुश्मन हूं, न कुछ। जो हमारे दुश्मनों की मदद करेगा, हम उसको सबक सिखाएंगे।
- मेरा दुश्मन उन्होंने अपने घर पर रखा। उसको संभाला। उनको पाकिस्तान से हथियार दिलवाए। मैं आपको पाकिस्तान में बैठे उन लोगों के नाम बता सकता हूं, जिनकी गारंटी पर हरदीप निज्जर ने अर्श डाला को हथियार दिलवाए थे।

कनाडा के जांचकर्ताओं ने एक फोटो जारी की थी। फोटो में सिल्वर रंग की 2008 टोयोटा कैमरी ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के 128 स्ट्रीट और 72 एवेन्यू के चौराहे पर दिख रही है। पुलिस ने दावा किया था कि हत्या करने के बाद हमलावर इसी गाड़ी से भागे थे।
निज्जर का मर्डर कैसे हुआ था, जानिए
- निज्जर की हत्या 18 जून 2023 की शाम करीब 8:30 बजे हुई थी। वह कनाडा के सरे स्थित गुरु नानक सिख गुरुद्वारा की कमेटी का अध्यक्ष था और वह गुरुद्वारे में ही मौजूद था। जब निज्जर गुरुद्वारे से निकला और अपनी ग्रे रंग की रैम पिकअप ट्रक में बैठकर पार्किंग से बाहर जाने लगा, तब हमलावर पहले से ही घात लगाकर तैयार थे।
- जैसे ही निज्जर का ट्रक पार्किंग के एग्जिट गेट (निकास द्वार) की तरफ बढ़ा, अचानक एक सफेद रंग की सेडान कार उसके ट्रक के समानांतर चलने लगी। उस वैन ने तेजी से आगे आकर निज्जर के ट्रक के ठीक सामने अपनी गाड़ी अड़ा दी। इस वजह से निज्जर का ट्रक पूरी तरह ब्लॉक हो गया और वह आगे नहीं बढ़ सका।
- ट्रक के रुकते ही पास में छिपे दो नकाबपोश शूटर (जिन्होंने हुड वाली गहरे रंग की पोशाक पहनी थी) तेजी से निज्जर के ट्रक की तरफ दौड़े। उन्होंने निज्जर की ड्राइविंग सीट की खिड़की पर आकर ऑटोमैटिक हथियारों से अंधाधुंध गोलियां बरसाना शुरू कर दिया। हमलावरों ने करीब 50 राउंड फायरिंग की, जिसमें से 34 गोलियां निज्जर को लगीं। निज्जर की मौके पर ही मौत हो गई थी।
- फायरिंग के बाद दोनों शूटर गुरुद्वारे के मैदान से भागकर पास की एक गली में गए। वहां पहले से ही एक सिल्वर कलर की कार (जिसमें ड्राइवर सहित तीन अन्य लोग मौजूद थे) उनका इंतजार कर रही थी। शूटर उस कार में बैठे और तेजी से फरार हो गए थे।

****************
ये खबर भी पढ़ें:
खालिस्तानी हरदीप निज्जर की हत्या का पूरा VIDEO: गुरुद्वारा पार्किंग से बाहर निकलते ही 6 आरोपियों ने घेरा, 2 शूटरों ने चलाईं 50 गोलियां

कनाडा में खालिस्तानी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या का एक नया CCTV सामने आया है। जिसमें हथियारबंद लोग निज्जर को गोलियां मारते दिख रहे हैं। कनाडा की न्यूज एजेंसी CBC की रिपोर्ट के मुताबिक इसे ‘कॉन्ट्रैक्ट किलिंग’ बताया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो की निजी तौर पर कई सोर्स से पुष्टि की गई है। (पढ़ें पूरी खबर)