- Hindi News
- Sports
- Uganda Football Star David Ovary Murdered In Kampala | Crime News
11 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

युगांडा के इंटरनेशनल फुटबॉल खिलाड़ी डेविड ओवरी की मौत हो गई है। लोकल पुलिस के अनुसार, राजधानी कंपाला में उन पर हमला किया गया था। 28 साल के ओवरी देश के सबसे बड़े फुटबॉल क्लबों में शामिल एससी विला क्लब के कप्तान थे।
पुलिस प्रवक्ता रेचल कवाला ने बताया कि मंगलवार को कंपाला के एक उपनगर में अज्ञात हमलावरों ने ओवरी को गंभीर रूप से घायल कर दिया था। राहगीरों ने उन्हें बेहोशी की हालत में पाया और पास के अस्पताल पहुंचाया। बाद में उन्हें दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

ओवरी फुटबॉल क्लब एससी विला के कप्तान थे।
फुटबॉल जगत में शोक की लहर
फेडरेशन ऑफ युगांडा फुटबॉल एसोसिएशंस ने अपने बयान में कहा कि डेविड सिर्फ एक फुटबॉलर नहीं थे। वे एक लीडर और युवाओं के लिए प्रेरणा थे। एससी विला के कप्तान के तौर पर उन्होंने साहस, विनम्रता और जुनून के साथ टीम का नेतृत्व किया। युगांडा क्रेन जर्सी पहनकर उन्होंने देश की उम्मीदों को आगे बढ़ाया।
बढ़ते अपराध पर लोगों में गुस्सा
पूर्वी अफ्रीकी देश की राजधानी में अपराध का ग्राफ काफी ऊंचा है। ओवरी की मौत के बाद सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लोगों ने भारी नाराजगी जताई है। कई लोगों ने अपराध रोकने में अधिकारियों की विफलता की निंदा की है।
जून में भी हुई थी एक खिलाड़ी की मौत
ओवरी की मौत से पहले जून में एक और लोकप्रिय स्पोर्ट्स पर्सनैलिटी की जान गई थी। पुलिस के मुताबिक, रग्बी खिलाड़ी सिडनी गोंगोड्यो की मौत कंपाला में भीड़ द्वारा किए गए हमले के बाद हुई थी। उन्हें गलती से चोर समझ लिया गया था।
नेशनल काउंसिल ऑफ स्पोर्ट्स युगांडा ने कहा कि दुख की बात है कि युगांडा का खेल जगत हाल के दिनों में ऐसी कई त्रासदियों का शिकार हुआ है। हम न्याय और इस समस्या के स्थायी समाधान की उम्मीद करते हैं। संसद की वेबसाइट पर जारी बयान के अनुसार, डिप्टी स्पीकर थॉमस तयेबवा ने अधिकारियों से देश में सुरक्षा चुनौतियों से निपटने के लिए कहा है।
