Headlines

करीना के 200 साल पुराने पेंडेंट पर विवाद क्यों:30 कैरेट के पन्ने पर लिखी आयतुल कुर्सी का आखिर मतलब क्या है, बेगमों का खजाना किसे मिला था?




दिवाली पर करीना कपूर खान ने चांदी के तारों वाला कफ्तान, पगड़ी और गले में पन्ने का पेंडेंट पहना। स्टाइलिस्ट रिया कपूर ने इंस्टाग्राम पर इसे ‘भोपाल की बेगम का 30 कैरेट का पन्ना’ बताया, जिस पर ‘आयतुल कुर्सी’ खुदी है। 11 नवंबर को भोपाल के अब्बास हफीज ने वकील मोहम्मद जफर के जरिए करीना और रिया को लीगल नोटिस भेजा। हफीज मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रवक्ता हैं। उनका कहना है कि यह नोटिस उन्होंने निजी तौर पर भेजा है। यह पेंडेंट आखिर किसका है, उस पर लिखी आयत का क्या महत्व है, भोपाल की बेगमों का खजाना कहां गया और क्या इस नोटिस से करीना पर कोई केस बन सकता है; समझते हैं आज के मध्य प्रदेश एक्सप्लेनर में… सबसे पहले ये तस्वीरें देखिए सवाल-1: आपत्ति गहना पहनने पर है या उसे दिखाने पर? जवाब: हफीज के मुताबिक पेश करने के तरीके पर। उन्हें करीना के दिवाली मनाने, कपड़ों या कलगी से दिक्कत नहीं। नोटिस में तीन मांगें हैं… हफीज ने कहा कि बेगमों के लिए यह आस्था की चीज थी। फैशन एक्सेसरी नहीं। वे इसे पर्दे में पहनती थीं। उधर हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा है कि माफी की जरूरत नहीं है। इस्लामी विद्वानों की राय भी एक जैसी नहीं है और नोटिस में भी यह माना गया है। तीन अलग सवाल हैं… 1. क्या ऐसा गहना पहन सकते हैं: देवबंद के दारुल उलूम समेत कई हनफी फतवों में इसे जायज माना गया है। बशर्ते आयत का अदब रखा जाए। दूसरी ओर कई विद्वान आयत को गहने या ताबीज की तरह पहनने को नापसंद करते हैं, क्योंकि इससे बेअदबी का खतरा रहता है। 2. किन हालात में न पहनें: जो विद्वान इसे जायज मानते हैं, वे भी कहते हैं कि शौचालय जाने से पहले इसे उतार देना चाहिए या आयत को ढंक लेना चाहिए। ब्रिटेन के लीसेस्टर के दारुल इफ्ता के मुफ्ती मुहम्मद इब्न आदम के मुताबिक माहवारी में ऐसा पेंडेंट न पहनें, क्योंकि वह सीधे शरीर को छूता है। 3. बिना वजू छूना: बिना वजू कुरान को छूने का सवाल अलग है और वह मुख्य रूप से कुरान की किताब (मुसहफ) से जुड़ा है। गहने पर खुदी आयत पर यह नियम किस हद तक लागू होता है, इस पर भी अलग-अलग मत हैं। सवाल 2: भोपाल की बेगमों के शाही खजाने और करीना के पेंडेंट का इतिहास क्या कहता है? जवाब: भोपाल की कहानी सिर्फ शाही गहनों की नहीं, बल्कि महिला शासकों की अनूठी परंपरा की भी है। 1819 से 1926 तक करीब 107 साल भोपाल रियासत पर चार बेगमों ने शासन किया। कुदसिया बेगम: 1819 में शासन संभाला और महिला शासकों की परंपरा शुरू की। सिकंदर बेगम: 1844 में शासक बनीं। उन्होंने अपनी हज यात्रा का लिखित वृत्तांत छोड़ा। शाहजहां बेगम: ताज-उल-मसाजिद की नींव रखी, स्कूल खुलवाए और भोपाल का इतिहास ‘ताज-उल-इकबाल’ लिखा। सुल्तान जहां बेगम: लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा दिया और 1920 में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी की पहली चांसलर बनीं। सवाल 3: पेंडेंट पर खुदी आयतुल कुर्सी का क्या महत्व है? पन्ने पर आयत खुदवाने की परंपरा कहां से आई? जवाब- आयतुल कुर्सी कुरान के दूसरे अध्याय सूरह अल-बकरा की 255वीं आयत है। ‘कुर्सी’ यानी सिंहासन या सत्ता, इसलिए इसे ‘सिंहासन की आयत’ भी कहते हैं। आयत का भावार्थ: अल्लाह के सिवा कोई पूज्य नहीं- वह हमेशा जीवित है और सबको थामे है। उसे न झपकी आती है, न नींद। आसमानों और जमीन में जो कुछ है, सब उसी का है। उसकी इजाजत के बिना कोई सिफारिश नहीं कर सकता। उसकी सत्ता आसमानों और जमीन पर फैली है, जिनकी हिफाजत उसे थकाती नहीं। वह सबसे ऊंचा और सबसे महान है। इबादत में इसकी जगह: सहीह मुस्लिम की हदीस में इसे कुरान की सबसे बड़ी आयत बताया गया है। रत्नों पर आयत खुदवाने की परंपरा: यह परंपरा मुगल दौर से चली आ रही है। मुगल बादशाह पन्ने को खास तौर पर पसंद करते थे और रत्नों पर दुआएं, अल्लाह के नाम और आयतें खुदवाना शाही आस्था का हिस्सा था। ऐसे दरबार में आयत खुदा पन्ना होना स्वाभाविक लगता है, लेकिन यह संदर्भ है, इस पेंडेंट का प्रमाण नहीं। सवाल 4: भोपाल रियासत के विलय के बाद शाही खजाने का क्या हुआ? जवाब- बेगमों के गहनों की कोई सूची या कैटलॉग सार्वजनिक दस्तावेजों में नहीं मिलता। 1870 के दशक की तस्वीरों में बेगमें रत्न जड़ित सिर-आभूषणों और ब्रिटिश सम्मान के तमगों के साथ जरूर दिखती हैं, लेकिन रियासत की संपत्ति का सफर दर्ज है। विलय और संपत्ति का बंटवारा: आखिरी नवाब हमीदुल्लाह खान ने 30 अप्रैल 1949 को विलय समझौते पर दस्तखत किए और 1 जून 1949 को केंद्र सरकार ने भोपाल का प्रशासन संभाला। सरकारी संपत्ति: रियासत की सरकारी संपत्ति सरकार के पास गई। निजी संपत्ति: महल, जमीन और गहने परिवार के पास रहे। प्रिवी पर्स: बदले में नवाब को सालाना सरकारी भत्ता मिलता था। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह 11 लाख रुपए सालाना था। 1971 में 26वें संविधान संशोधन से प्रिवी पर्स खत्म कर दिया गया। आज भी अदालत में है विरासत: नवाबी संपत्ति पर दो अलग लड़ाइयां चल रही हैं। शत्रु संपत्ति का दावा: आबिदा सुल्तान के पाकिस्तान जाने की वजह से 2015 में केंद्र के ‘शत्रु संपत्ति’ विभाग ने कई संपत्तियों पर दावा किया, जिसे सैफ के परिवार ने चुनौती दी। उत्तराधिकार का मुकदमा: यह परिवार के भीतर की लड़ाई है। निचली अदालत ने 2000 में साजिदा के परिवार के हक में फैसला दिया था। हाईकोर्ट ने 30 जून 2025 को इसे रद्द करके दोबारा सुनवाई का आदेश दिया, लेकिन 8 अगस्त 2025 को सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के इस आदेश पर अंतरिम रोक लगा दी। संपत्ति करीब 15 हजार करोड़ रुपए की बताई जाती है। इसका मालिकाना हक अब भी तय नहीं है। गहने चल संपत्ति हैं, जो आमतौर पर परिवार के भीतर चलते हैं। रिया कपूर के मुताबिक यह पेंडेंट अब करीना का अपना है। सवाल 5: क्या इस नोटिस से करीना पर केस बन सकता है? जवाब- लीगल नोटिस अदालती कार्रवाई नहीं है। इससे न केस दर्ज होता है, न कोई दोषी ठहरता है। हफीज के वकील के मुताबिक मांगें न मानी गईं तो पुलिस या अदालत का रास्ता लिया जाएगा। रिपोर्ट्स में नोटिस की किसी खास धारा का जिक्र नहीं है। धार्मिक भावनाएं आहत करने पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 299 लग सकती है। इसमें 3 साल तक की सजा का प्रावधान है, पर दो बातें आड़े आएंगी: इरादा: कृत्य ‘जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण’ होना चाहिए। 2017 में सुप्रीम कोर्ट ने एक पत्रिका के कवर पर विष्णु के रूप में दिखाए जाने के मामले में महेंद्र सिंह धोनी पर दर्ज केस, पुरानी धारा 295A के तहत, रद्द कर दिया था। कोर्ट ने कहा था कि अनजाने में या लापरवाही से हुआ अपमान इस कानून के दायरे में नहीं आता। सरकार की मंजूरी: BNSS की धारा 217 के मुताबिक केंद्र या राज्य सरकार की पूर्व मंजूरी के बिना अदालत धारा 299 के मामले में सुनवाई शुरू नहीं कर सकती। भोपाल में शिकायत हुई, तो यह फैसला आमतौर पर राज्य सरकार का होगा। करीना पर पहले भी ऐसी शिकायत: जबलपुर में करीना की किताब ‘प्रेग्नेंसी बाइबल’ के नाम पर भी ऐसी शिकायत हुई थी। निचली अदालत ने 26 फरवरी 2022 को याचिका खारिज कर दी थी, क्योंकि यह साबित नहीं हुआ कि ‘बाइबल’ शब्द आपत्तिजनक कैसे है। मई 2024 में हाईकोर्ट ने इस मामले में करीना को नोटिस जारी किया। मध्य प्रदेश एक्सप्लेनर की ये कड़ी भी पढ़िए… माफी मांगी, क्या फिर भी धीरेंद्र शास्त्री को जेल होगी- भगवान कृष्ण पर टिप्पणी से वंशज की मानहानि कैसे 29 अक्टूबर को शिवपुरी में रामकथा के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने कहा, ‘हमारे राम सीधे हैं, तुम्हारे कृष्ण टेढ़े।’ वीडियो वायरल हुआ तो मथुरा-वृंदावन के संतों और कृष्ण भक्तों ने नाराजगी जताई। इसके बाद शास्त्री ने हाथ जोड़कर माफी मांगी। लेकिन मामला नहीं थमा। आगरा के वकील अजय प्रताप सिंह ने खुद को मां की ओर से श्रीकृष्ण का वंशज बताते हुए कोर्ट में आपराधिक मानहानि का परिवाद दायर कर दिया। मामले में 14 दिसंबर को सुनवाई है… पूरा एक्सप्लेनर पढ़िए।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *