दिवाली पर ₹72 हजार करोड़ का सोना बिका:सस्ता होने के कारण 30% खरीदारी बढ़ी; ₹5400 करोड़ की चांदी भी खरीदी




सोने की कीमतों में गिरावट के बाद इसकी खरीदारी बढ़ गई है। धनतेरस और दिवाली के दौरान पिछले साल के मुकाबले सोने की खरीदारी 30% बढ़ी। इस दौरान देश में करीब 52 टन सोना खरीदा गया, जिसकी कीमत लगभग 72 हजार करोड़ रुपए रही। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, चांदी की खरीदारी में भी 10% की बढ़ोतरी हुई। इस दौरान करीब 300 टन चांदी खरीदी गई, जिसकी कीमत 5,400 करोड़ रुपए थी। दरअसल, सोने की कीमत इस साल करीब 1.80 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गई थी। बाद में इसमें गिरावट आई और धनतेरस-दिवाली के दौरान कीमत करीब 1.42 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम रही। कीमत कम होने से उन लोगों ने भी खरीदारी शुरू कर दी, जिन्होंने महंगा होने के कारण सोना खरीदना टाल दिया था। शादी के सीजन से पहले बढ़ी खरीदारी देश में नवंबर के मध्य से मार्च तक शादियों का सीजन चलता है। ऐसे में लोग पहले से ही सोने-चांदी की खरीदारी कर रहे हैं। ज्वेलर्स के मुताबिक, इस बार धनतेरस 6 नवंबर और दिवाली 8 नवंबर को थी। महीने की शुरुआत में त्योहार होने से नौकरीपेशा लोगों के पास सैलरी और बोनस का पैसा भी था। इससे बाजार में खरीदारी बढ़ी। IBJA के राष्ट्रीय सचिव सुरेंद्र मेहता के मुताबिक, सोना खरीदने वाले कई लोग पहले कीमतें बढ़ने के कारण बाजार से दूर हो गए थे। अब कीमतों में गिरावट के बाद वे दोबारा खरीदारी कर रहे हैं। इस साल सितंबर तक सोने की बिक्री 50% घटी थी इस वित्त वर्ष में सितंबर तक सोने की बिक्री की मात्रा पिछले साल के मुकाबले करीब 50% घट गई थी। इसकी वजह सोने की ऊंची कीमतें, इंपोर्ट ड्यूटी में बढ़ोतरी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से लोगों से सोना नहीं खरीदने की अपील बताई गई। हालांकि, त्योहारों के दौरान कीमतें कम होने से मांग में तेजी आई। हीरे की खरीदारी में भी बढ़ोतरी त्योहारी सीजन में हीरे की खरीदारी भी अच्छी रही। बेंगलुरु के ज्वेलरी ब्रांड सी कृष्णैया चेट्टी ज्वेलर्स के मुताबिक, इस धनतेरस पर प्राकृतिक हीरों की बिक्री पिछले साल के मुकाबले 250% बढ़ी। वहीं, दिवाली के दौरान बिक्री में 47% की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्राकृतिक हीरों की बिक्री पिछले 8 साल में दूसरी सबसे ज्यादा रही। बाजार में लैब में तैयार किए जाने वाले हीरों की मांग भी बढ़ रही है। हालांकि, कंपनी के मुताबिक, ये प्राकृतिक हीरों की जगह लेने के बजाय ज्वेलरी की एक अलग कैटेगरी के रूप में उभर रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *