क्राइस्टचर्च6 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

क्राइस्टचर्च टेस्ट के दूसरे दिन भारत की कोशिश न्यूजीलैंड को 300 रन के अंदर रोकने की होगी। पहले दिन भारतीय गेंदबाजों ने दूसरे सेशन में लगातार तीन विकेट लेकर मेजबान टीम को मुश्किल में डाल दिया था, लेकिन टॉम ब्लंडेल और ग्लेन फिलिप्स ने 62 रन की साझेदारी करके पारी संभाल ली।
न्यूजीलैंड ने पहले दिन स्टंप्स तक 5 विकेट पर 246 रन बनाए हैं। ब्लंडेल 53 और फिलिप्स 36 रन बनाकर नाबाद हैं। हेगले ओवल की पिच पर पहले दिन 80 ओवर के बाद भी गेंद में मूवमेंट देखने को मिला। दूसरे दिन का मैच सुबह 3:30 बजे शुरू होगा।
भारत ने दूसरी नई गेंद भी ली, लेकिन ब्लंडेल और फिलिप्स ने संभलकर बल्लेबाजी की। दूसरे दिन सुबह गेंदबाजों जल्दी विकेट लेने होंगे। दूसरी ओर, न्यूजीलैंड की कोशिश इस साझेदारी को बड़ी पारी में बदलकर 350 रन के पार पहुंचने की होगी।

ब्लंडेल और फिलिप्स ने फिफ्टी पार्टनरशिप की।
भारत ने एक सेशन में 3 विकेट लिए
- शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी थी। हेगले ओवल की हरी पिच और तेज गेंदबाजों के लिए मददगार माने जाने वाले हालात को देखते हुए यह फैसला लिया गया।
- न्यूजीलैंड ने पहले विकेट के लिए डेवोन कॉन्वे और टॉम लैथम के बीच 77 रन जोड़े। कॉन्वे 31 रन बनाकर लंच से ठीक पहले डेब्यू कर रहे गुरनूर बरार की गेंद पर LBW हुए।
- लंच के बाद लैथम ने अपना अर्धशतक पूरा किया, लेकिन आकाशदीप ने उन्हें 59 रन पर विकेट के पीछे कैच कराया। इसके बाद अंशुल कंबोज ने हेनरी निकल्स को 16 रन पर आउट किया। आकाशदीप ने रचिन रवींद्र को बिना खाता खोले पवेलियन भेज दिया। इस तरह न्यूजीलैंड ने 110 रन तक पहुंचते-पहुंचते चार विकेट गंवा दिए।
- डेरिल मिचेल और ब्लंडेल ने पारी को संभालने की कोशिश की। मिचेल 31 रन बनाकर वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर ध्रुव जुरेल को कैच दे बैठे। इसके बाद ब्लंडेल और फिलिप्स ने छठे विकेट के लिए नाबाद 62 रन जोड़ दिए। ब्लंडेल ने अपने टेस्ट करियर का 13वां अर्धशतक लगाया। यह उनका 50वां टेस्ट मैच भी है।

वॉशिंगटन सुंदर की गेंद पर मिचेल का कैच ध्रुव जुरेल ने लपका।
हेगले ओवल में तेज गेंदबाजों का दबदबा
इस मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में तेज गेंदबाजों ने करीब 91% विकेट लिए हैं, जबकि स्पिनरों के हिस्से में लगभग 9% विकेट आए हैं। यहां खेले गए टेस्ट मैचों में पहली पारी का औसत स्कोर करीब 285 रन है।
दूसरे दिन बारिश की आशंका कम, धूप निकलने का अनुमान
क्राइस्टचर्च में दूसरे दिन मौसम क्रिकेट के लिए अनुकूल रहने की उम्मीद है। मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक दिन में धूप रहेगी और तापमान करीब 19 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। बारिश की संभावना करीब 10% है।
