Headlines

पूर्व चीफ सिलेक्टर ने वैभव की तुलना सचिन से की: बोले- जेनरेशन में एक बार मिलने वाले खिलाड़ी; द्रविड़-लक्ष्मण की देखरेख में ट्रेनिंग दी जाए – David Malan Hails Vaibhav Suryavanshi


स्पोर्ट्स डेस्क 13 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

पूर्व भारतीय चीफ सिलेक्टर MSK प्रसाद ने 15 साल के वैभव सूर्यवंशी की तुलना सचिन तेंदुलकर से की है। उनका मानना है कि पिछली सदी सचिन की थी और इस सदी में वैभव क्रिकेट के सबसे बड़े सितारे बन सकते हैं।

प्रसाद ने IANS को दिए गए इंटरव्यू में शुक्रवार को कहा, वैभव जेनरेशन में एक बार मिलने वाला खिलाड़ी हैं। प्रसाद ने BCCI से अपील की कि वैभव को राहुल द्रविड़ और VVS लक्ष्मण जैसे अनुभवी खिलाड़ियों की देखरेख में ट्रेनिंग दी जाए।

53 गेंदों में 204 रन की पारी के बाद हुई तुलना

  • प्रसाद का यह बयान वैभव की उस पारी के बाद आया, जो उन्होंने राइजिंग स्टार्स एशिया कप में इंडिया-A की ओर से खेलते हुए UAE के खिलाफ लगाई थी। दोहा में खेले गए इस मुकाबले में वैभव ने सिर्फ 53 गेंदों पर 204 रन बनाए। उनकी पारी में 28 छक्के शामिल थे। पुरुषों के लिस्ट-A क्रिकेट में यह सबसे तेज दोहरा शतक है। लिस्ट-A क्रिकेट में 50 ओवर के घरेलू और वनडे मुकाबले शामिल होते हैं।

वैभव ने 52 बॉल पर दोहरा शतक लगाया था।

वैभव ने 52 बॉल पर दोहरा शतक लगाया था।

  • इस पारी के दौरान वैभव ने तीन बड़े रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने सबसे तेज शतक, सबसे तेज 150 रन और सबसे तेज दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उनकी पारी में लगे 28 छक्के भी किसी प्रोफेशनल क्रिकेट मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा थे।
  • वैभव के नाम इससे पहले भी लिस्ट-A क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड था। उन्होंने जून में श्रीलंका-A के खिलाफ सिर्फ 11 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के कौशल्या वीररत्ने के नाम था, जिन्होंने 2005 में 12 गेंदों में अर्धशतक लगाया था।
  • वैभव लिस्ट-A और टी-20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज भी हैं। इसके अलावा वे टी-20 क्रिकेट में कप्तानी करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी हैं।

IPL के पहले दो सीजन में 2 शतक और 6 फिफ्टी लगाईं

वैभव ने 2025 में सिर्फ 14 साल की उम्र में IPL डेब्यू किया था। अपने शुरुआती दो सीजन में उन्होंने 2 शतक और 6 अर्धशतक लगाए। साल 2026 में वैभव ने भारत की अंडर-19 टीम को वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई। उन्हें फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच और पूरे टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट चुना गया। जुलाई में उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टी-20 इंटरनेशनल डेब्यू भी किया। इसके बाद वे भारतीय टीम के लिए 10 टी-20 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं।

सचिन को मिला था सीनियर खिलाड़ियों का साथ

MSK प्रसाद ने वैभव के लिए सही मेंटर मिलने की जरूरत समझाने के लिए सचिन तेंदुलकर के शुरुआती करियर का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि सचिन जब 16-17 साल की उम्र में भारतीय क्रिकेट में आए थे, तब मुंबई में दिलीप वेंगसरकर, रवि शास्त्री और सुनील गावस्कर जैसे खिलाड़ी मौजूद थे।

प्रसाद के मुताबिक, 15-16 साल के खिलाड़ी को ऐसे मेंटर की जरूरत होती है, जिसके साथ वह अपनी परेशानियां और सवाल साझा कर सके। उन्होंने कहा कि वैभव को भी राहुल द्रविड़ और VVS लक्ष्मण जैसे लोगों से लगातार सलाह लेनी चाहिए।

इंग्लैंड के डेविड मलान ने भी वैभव की तारीफ की

इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज डेविड मलान ने भी वैभव की बल्लेबाजी की तारीफ की है। उन्होंने कहा कि वैभव के लिए कोई सीमा तय नहीं की जा सकती। वे जितना चाहें, उतना बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं।

मलान के मुताबिक, वैभव के पास खेल और तकनीक दोनों हैं। वे सिर्फ छक्के लगाने पर निर्भर नहीं रहते, बल्कि मैदान के चारों ओर शॉट खेल सकते हैं। स्पिन और तेज गेंदबाजी दोनों के खिलाफ रन बनाने की क्षमता भी उनमें है।

डबल सेंचुरी सेलिब्रेट करते वैभव सूर्यवंशी। (फोटो BCCI)

डबल सेंचुरी सेलिब्रेट करते वैभव सूर्यवंशी। (फोटो BCCI)

शॉर्ट बॉल के खिलाफ सुधार की गुंजाइश

मलान ने वैभव की बल्लेबाजी की एक कमजोरी की ओर भी इशारा किया। उनके मुताबिक, कुछ टीमों ने तेज गेंदबाजों के जरिए वैभव को शॉर्ट बॉल डालकर परखने की कोशिश की है। यह उनके खेल में सुधार का एक क्षेत्र हो सकता है।

आंध्र क्रिकेट में प्रतिभा खोजने से चीफ सिलेक्टर तक पहुंचे प्रसाद

MSK प्रसाद खुद भी लंबे समय से युवा खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानने और उन्हें आगे बढ़ाने के काम से जुड़े रहे हैं। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने आंध्र क्रिकेट एसोसिएशन, भारतीय टीम की सिलेक्शन कमेटी और IPL फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ काम किया।

प्रसाद ने बताया कि भारतीय टीम का चीफ सिलेक्टर बनने से पहले उन्होंने आंध्र क्रिकेट में करीब 6-7 साल तक डायरेक्टर के रूप में काम किया था। इस दौरान उन्होंने कम उम्र में खिलाड़ियों की प्रतिभा पहचानी। केएस भरत और नीतीश कुमार रेड्डी भी इसी सिस्टम से आगे आए। प्रसाद के मुताबिक, जब इन खिलाड़ियों को चुना गया था, तब वे 13-14 साल के थे। बाद में दोनों भारतीय टीम के लिए खेले।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.