![]()
दुबई एयरपोर्ट्स ने गुरुवार को स्पाइसजेट की उड़ानों के लिए चेक-इन सेवा बंद कर दी। एयरलाइन पर 14 मिलियन दिरहम यानी करीब 35.8 करोड़ रुपए बकाया हैं। इससे दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की उड़ानें प्रभावित हुईं। 12 नवंबर को अमृतसर, जयपुर, मुंबई और दिल्ली जाने वाली चार उड़ानें रद्द की गईं। स्पाइसजेट ने अपने आंतरिक ईमेल में रद्दीकरण की वजह ग्राउंड-हैंडलिंग पार्टनर डीएनाटा को भुगतान नहीं करना बताई। दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी ने भी एयरलाइन के स्टेशन मैनेजर को तलब किया। दुबई एयरपोर्ट्स दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का मालिक और संचालक है। उसने बकाया भुगतान नहीं होने पर दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यह कार्रवाई की। एक सूत्र के मुताबिक, दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी ने उड़ानें रद्द होने की जानकारी यात्रियों को नहीं देने पर स्टेशन मैनेजर को बुलाया। अथॉरिटी ने एयरलाइन से फंसे यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा। 13 अक्टूबर के बाद कोई भुगतान नहीं हुआ 12 नवंबर को भेजे ईमेल में स्पाइसजेट के दुबई स्टेशन मैनेजर ने फ्लाइट ऑपरेशन टीम को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अथॉरिटी ने यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का निर्देश दिया है। इससे पहले सोमवार को एयरपोर्ट ऑपरेटर ने स्पाइसजेट को बकाया 14 मिलियन दिरहम तक पहुंचने की जानकारी दी थी। एयरलाइन ने 13 अक्टूबर के बाद कोई भुगतान नहीं किया था। ऑपरेटर ने चेतावनी दी थी कि पूरी रकम नहीं चुकाने पर 12 नवंबर से चेक-इन सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। दो उड़ानों को चेक-इन की अनुमति बाद में एयरपोर्ट ऑपरेटर ने अपने ग्राउंड-हैंडलिंग पार्टनर डीएनाटा को केवल दो देरी से चल रही स्पाइसजेट उड़ानों का चेक-इन करने की अनुमति दी। इनमें SG-5115 उड़ान अहमदाबाद और SG-5106 उड़ान दिल्ली के लिए थी। चेक-इन सेवा बंद होने से पहले दोनों उड़ानों को रवाना होना था। बाकी सभी स्पाइसजेट उड़ानों के लिए चेक-इन सेवा बकाया भुगतान होने तक बंद रखी जानी थी। चार उड़ानें रद्द करने के निर्देश जानकारी मिलने के बाद स्पाइसजेट के दुबई स्टेशन मैनेजर ने फ्लाइट ऑपरेशन टीम से कहा कि दो मंजूर उड़ानों को छोड़कर दुबई से रवाना होने वाली सभी उड़ानें रद्द की जाएं। मैनेजर ने ईमेल में लिखा, “जैसा कि मैंने अपने पिछले ईमेल में बताया था, दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से रवाना होने वाली सभी उड़ानों को रद्द करने की घोषणा करें… जब तक समस्या पूरी तरह हल नहीं हो जाती।” इसके बाद एयरलाइन ने 12 नवंबर को दुबई से अमृतसर, जयपुर, मुंबई और दिल्ली जाने वाली चार उड़ानों को रद्द करने के निर्देश जारी किए। इस संचार में रद्दीकरण की वजह “डीएनाटा को भुगतान नहीं करना” बताई गई। एक अन्य आंतरिक संचार के मुताबिक, बाद में इन चार उड़ानों को उन्हीं फ्लाइट नंबरों के साथ फेरी सर्विस के तौर पर चलाने के लिए फिर से तय किया गया। वित्तीय नतीजे भी जारी नहीं किए इस बीच, स्पाइसजेट ने फरवरी में दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी करने के बाद से अपने तिमाही वित्तीय नतीजे भी घोषित नहीं किए हैं। गुरुवार को बीएसई पर स्पाइसजेट के शेयर 8.26 रुपए पर बंद हुए। शेयर में 5% का अपर सर्किट लगा।
Source link
दुबई में स्पाइसजेट की चेक-इन सेवा बंद:35.8 करोड़ रुपए का बकाया, 4 उड़ानें रद्द