नई दिल्ली10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बकाया भुगतान न करने के कारण भारतीय बजट एयरलाइन स्पाइसजेट (SpiceJet) की मुश्किलें बढ़ गई हैं। दुबई एयरपोर्ट के ऑपरेटर ‘दुबई एयरपोर्ट्स’ ने गुरुवार को दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की फ्लाइट्स के लिए चेक-इन सर्विस सस्पेंड कर दी। कंपनी पर ग्राउंड-हैंडलिंग पार्टनर ‘dnata’ और एयरपोर्ट का करीब 14 मिलियन दिरहम (लगभग ₹35.8 करोड़) बकाया है।
इस फैसले के बाद एयरलाइन का डिपार्चर ऑपरेशन बुरी तरह प्रभावित हुआ और स्पाइसजेट को 12 नवंबर को दुबई से अमृतसर, जयपुर, मुंबई और दिल्ली आने वाली अपनी चार फ्लाइट्स रद्द करनी पड़ीं। दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी ने भी फ्लाइट कैंसिलेशन की घोषणा न करने पर एयरलाइन के स्टेशन मैनेजर को तलब किया है।
13 अक्टूबर से नहीं हुआ था भुगतान, सोमवार को दी गई थी चेतावनी
दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट और अल मकतूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन करने वाले ‘दुबई एयरपोर्ट्स’ ने सोमवार को ही स्पाइसजेट को इस बारे में सूचित कर दिया था। ऑपरेटर ने एयरलाइन को बताया था कि उसका कुल बकाया 14 मिलियन दिरहम तक पहुंच गया है और 13 अक्टूबर के बाद से कंपनी की तरफ से कोई भुगतान नहीं किया गया है।
एयरपोर्ट ऑपरेटर ने स्पष्ट चेतावनी दी थी कि यदि 12 नवंबर तक पूरी बकाया राशि नहीं चुकाई गई, तो चेक-इन सेवाएं बंद कर दी जाएंगी। समय सीमा खत्म होने के बाद गुरुवार को एयरपोर्ट प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया।
सिर्फ दो लेट फ्लाइट्स को मिली चेक-इन की अनुमति
चेक-इन सेवाएं रोके जाने के बाद एयरपोर्ट प्रशासन ने अपने ग्राउंड-हैंडलिंग पार्टनर ‘dnata’ को स्पाइसजेट की केवल दो लेट फ्लाइट्स—अहमदाबाद जाने वाली SG-5115 और दिल्ली जाने वाली SG-5106—के लिए चेक-इन प्रोसेस करने की अनुमति दी। ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि ये दोनों फ्लाइट्स मूल रूप से सस्पेंशन लागू होने से पहले उड़ान भरने वाली थीं।
इसके अलावा, एयरपोर्ट प्रशासन ने साफ कर दिया कि जब तक पूरा बकाया पैसा जमा नहीं हो जाता, तब तक स्पाइसजेट की अन्य सभी उड़ानों के लिए चेक-इन सर्विस सस्पेंड रहेगी।
स्टेशन मैनेजर ने फ्लाइट्स रद्द करने के निर्देश दिए, खाली विमान वापस बुलाए गए
एयरपोर्ट प्रशासन के अपडेट के बाद स्पाइसजेट के दुबई स्टेशन मैनेजर ने फ्लाइट ऑपरेशंस टीम को ईमेल भेजकर उन दो फ्लाइट्स को छोड़कर दुबई से रवाना होने वाली सभी उड़ानें रद्द करने को कहा। मैनेजर ने ईमेल में लिखा, “जैसा कि मेरे पिछले मेल में बताया गया था, जब तक यह मामला पूरी तरह हल नहीं हो जाता, दुबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (DXB) से जाने वाली सभी फ्लाइट्स के रद्द होने की घोषणा कर दें।”
इसके बाद एयरलाइन ने 12 नवंबर को दुबई से अमृतसर, जयपुर, मुंबई और दिल्ली जाने वाली चार उड़ानों को रद्द करने के निर्देश जारी किए, जिसमें ‘dnata को भुगतान न होने’ को मुख्य कारण बताया गया। एक अन्य आंतरिक संचार के अनुसार, इन चारों फ्लाइट्स को बाद में उन्हीं फ्लाइट नंबरों के साथ ‘फेरी सर्विस’ (बिना यात्रियों के खाली विमान) के रूप में संचालित करने के लिए री-शेड्यूल किया गया।
एविएशन अथॉरिटी की फटकार: फंसे हुए यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश
चेक-इन बंद होने के बावजूद समय पर फ्लाइट्स रद्द होने की आधिकारिक घोषणा न करने पर दुबई सिविल एविएशन अथॉरिटी ने नाराजगी जताई और स्पाइसजेट के स्टेशन मैनेजर को तलब किया। 12 नवंबर को भेजे गए एक आंतरिक ईमेल के मुताबिक, स्टेशन मैनेजर ने फ्लाइट ऑपरेशंस टीम को बताया कि एविएशन अथॉरिटी ने एयरपोर्ट पर फंसे हुए यात्रियों के लिए तुरंत वैकल्पिक व्यवस्था करने के सख्त निर्देश दिए हैं।
फरवरी के बाद जारी नहीं किए तिमाही नतीजे, शेयर में 5% का अपर सर्किट
वित्तीय मोर्चे पर स्पाइसजेट लगातार दबाव का सामना कर रही है। कंपनी ने फरवरी में दिसंबर तिमाही के नतीजे घोषित करने के बाद से अब तक अपने अगले तिमाही वित्तीय परिणाम जारी नहीं किए हैं। हालांकि, दुबई एयरपोर्ट की इस खबर के बीच गुरुवार को BSE पर स्पाइसजेट के शेयर 5% के अपर सर्किट के साथ ₹8.26 प्रति शेयर पर बंद हुए।
