.
यह पीड़ा छतरपुर जिले के पीपट गांव के थिएटर आर्टिस्ट सुभाष अहिरवार की है। समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में अपनी गायकी और अभिनय से जजों को प्रभावित करने वाले सुभाष का दावा है कि उन्हें शो का विनर चुना गया था।
उनके मुताबिक, सभी जजों ने उन्हें 10 में से 10 अंक दिए और इनामी राशि भी उनके खाते में आ गई। इसके बावजूद महीनों बाद भी उनका एपिसोड यूट्यूब पर रिलीज नहीं हुआ। दैनिक भास्कर से बातचीत में सुभाष ने शो तक पहुंचने और इसके बाद हुए घटनाक्रम के बारे में बताया।

दोस्तों के कहने पर भरा फॉर्म, एक महीने में मुंबई से बुलावा
साधारण परिवार से आने वाले सुभाष को शुरुआत में शो के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। दोस्तों ने उन्हें इसका एक एपिसोड दिखाया और बताया कि यहां मौका मिलने से पहचान बन सकती है।
सुभाष बताते हैं, “दोस्तों की सलाह पर मैंने ऑनलाइन फॉर्म भरा और उसमें एक्टिंग व सिंगिंग के वीडियो के लिंक दिए। एक महीने के भीतर मेरा फॉर्म शॉर्टलिस्ट हो गया। इसके बाद ऑनलाइन इंटरव्यू हुआ और 4 अगस्त को मुंबई के ‘द हैबिटेट’ स्टूडियो में शूटिंग के लिए बुलावा आ गया।”

जजों ने दिए 10 में से 10 अंक, खाते में आए ₹70 हजार
4 अगस्त को हुई शूटिंग में सुभाष ने गायकी और अभिनय का प्रदर्शन किया। सुभाष के मुताबिक, उन्होंने खुद को 10 अंक दिए थे। जजों ने भी उन्हें 10 में से 10 अंक दिए और वे एपिसोड के विनर बने।
सुभाष को ₹1 लाख कैश, एक मोबाइल फोन और ₹50 हजार का ‘डिस्ट्रिक्ट’ फूड वाउचर मिला। ₹30 हजार टीडीएस कटने के बाद ₹70 हजार उनके बैंक खाते में ट्रांसफर किए गए।
सुभाष के मुताबिक, उनका एपिसोड शूटिंग के क्रम में चौथे या पांचवें नंबर पर था, लेकिन अब तक यूट्यूब पर अपलोड नहीं हुआ है।

जज बलराज से मिले सुभाष, समय रैना से संपर्क की भी कोशिश की
कई हफ्तों तक एपिसोड रिलीज नहीं हुआ तो सुभाष ने क्रू टीम से संपर्क किया। उनका कहना है कि हर बार उन्हें “हमें कुछ नहीं पता” कहकर जवाब दिया गया।
इसके बाद सुभाष खुद ‘द हैबिटेट’ स्टूडियो पहुंचे और शाम साढ़े सात बजे तक जज बलराज घई का इंतजार किया। उनसे मुलाकात होने पर सुभाष ने एपिसोड रिलीज करने का अनुरोध किया।
सुभाष के मुताबिक, बलराज ने कहा, “सब कुछ समय रैना के हाथ में है। मैं उनसे बात करके देखूंगा।”
इसके बाद सुभाष ने गूगल पर समय रैना का पता खोजा और उनसे मिलने की कोशिश की। हालांकि, गलत लोकेशन मिलने के कारण वे उनके घर तक नहीं पहुंच सके।

गार्ड की नौकरी की, ढाबे पर बर्तन धोए
सुभाष बताते हैं कि शो तक पहुंचने के लिए उन्होंने लंबे समय तक संघर्ष किया।
- परिवार: सुभाष के माता-पिता गांव में मजदूरी और मिस्त्री का काम करते हैं। उनके दोनों भाई भी मजदूरी करते हैं।
- पढ़ाई के साथ नौकरी: छतरपुर के महाराजा कॉलेज में पढ़ाई के दौरान खर्च चलाने के लिए सुभाष ने चार साल तक सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी की।
- भोपाल में संघर्ष: 2019 में भोपाल आने के बाद सुभाष दिन में थिएटर करते और रात में गार्ड की नौकरी। नौकरी छूटने पर उन्होंने रंगमहल टॉकीज के पास एक ढाबे पर काम किया। इसके बाद हाउसकीपिंग और स्वीपर का काम भी किया।
- थिएटर और फिल्में: 2022 में सुभाष का चयन ‘मध्य प्रदेश नाट्य विद्यालय’ में हुआ। इसके बाद उन्होंने दिल्ली के ‘श्री राम सेंटर’ से अभिनय की ट्रेनिंग ली और 2024 के अंत में मुंबई चले गए। वे ‘लव हॉस्टल’, ‘सूबेदार’, ‘मां बहन’ और ‘इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ जॉम्बीज’ में छोटे किरदार निभा चुके हैं।
सुभाष ने शो में अपनी भागीदारी और जीत से जुड़े फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए हैं। उन्होंने मेकर्स से एपिसोड रिलीज करने की मांग की है।
