Headlines

महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में भारत-चीन फाइनल मैच आज: चौथी बार चैंपियन बनने उतरेगी भारतीय टीम; खिताब जीतकर रचेगी नया इतिहास – India vs China Womens Asian Champions Trophy Final


भोपाल8 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

भोपाल में आयोजित महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का फाइनल मुकाबला आज भारत और चीन के बीच खेला जाएगा। नाथू बरखेड़ा स्थित इंटरनेशनल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के हॉकी स्टेडियम में दोनों टीमें शाम 7 बजे खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।

भारत ने सेमीफाइनल में मलेशिया को 6-2 से हराकर फाइनल में जगह बनाई है, जबकि चीन ने जापान को 1-0 से शिकस्त दी। भारत के पास चौथी बार खिताब जीतकर टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बनने का मौका है।

भारतीय महिला हॉकी टीम।

भारतीय महिला हॉकी टीम।

भारत के पास चौथी बार चैंपियन बनने का मौका

भारतीय महिला हॉकी टीम ने 2016 में पहली बार एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। इसके बाद 2023 और 2024 में लगातार दो बार चैंपियन बनी। अब तक भारत और दक्षिण कोरिया दोनों के नाम 3-3 खिताब दर्ज हैं। 2026 में भारत के पास चौथी बार चैंपियन बनने का मौका है। अगर भारतीय टीम फाइनल में चीन को हराकर खिताब जीतती है, तो वह टूर्नामेंट की सबसे सफल टीम बन जाएगी। साथ ही लगातार तीसरी बार चैंपियन बनने का रिकॉर्ड भी बनाएगी।

भारत ने सबसे ज्यादा किए गोल

भारतीय टीम महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी में गोल करने के मामले में सभी टीमों से आगे है। भारत ने अब तक टूर्नामेंट में कुल 29 गोल दागे हैं, जबकि दूसरे नंबर पर मौजूद चीन के 14 गोल हैं। भारत के 29 गोल में 19 गोल पेनल्टी कॉर्नर के जरिए आए हैं।

दीपिका कर चुकी हैं 10 गोल

भारतीय खिलाड़ी दीपिका 10 गोल के साथ महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी की शीर्ष गोल स्कोरर हैं। टॉप-5 गोल स्कोरर में भारत की तीन खिलाड़ी दीपिका, मुमताज खान (4 गोल) और लालरेमसियामी (3 गोल) शामिल हैं।

पेनल्टी कॉर्नर में भी भारत का जलवा

भारतीय टीम पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने के मामले में भी टूर्नामेंट में सबसे आगे है। भारत को अब तक मिले 68 पेनल्टी कॉर्नर में से 19 पर गोल हुए हैं, जबकि उसकी सफलता दर 27.94% रही है, जो सभी टीमों में सबसे ज्यादा है।

कांस्य पदक का मुकाबला भी आज

कांस्य पदक के लिए मुकाबला मलेशिया और जापान के बीच दोपहर 4:30 से खेला जाएगा। दोनों टीमें सेमीफाइनल में हार के बाद तीसरे स्थान के लिए आमने-सामने होंगी। इस मुकाबले में जीतने वाली टीम टूर्नामेंट में तीसरा स्थान हासिल कर कांस्य पदक अपने नाम करेगी।

हॉकी एक्सपर्ट समीर दाद देंगे मैच से जुड़ी जानकारी

पूर्व ओलिंपियन और एमपी हॉकी अकादमी के कोच समीर दाद मैच के बाद हर तकनीकी पहलुओं की जानकारी देंगे। दैनिक भास्कर को बतौर एक्सपर्ट मैच से जुड़ी जानकारी साझा करेंगे। समीर मैच के दौरान भी कामेंट्री में मैच से जुड़े पल-पल की जानकारी दर्शकों के साथ साझा करेंगे।

समीर दाद बोले- शानदार लय में है टीम

मध्य प्रदेश हॉकी अकादमी के मुख्य कोच और पूर्व ओलंपियन समीर दाद ने महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल में भारत की जीत की उम्मीद जताई है। भारत का मुकाबला चीन से होगा। समीर दाद ने कहा कि भारतीय टीम शानदार फॉर्म में है। लीग मुकाबलों से लेकर सेमीफाइनल तक खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है।

भारत पहले भी चीन को हरा चुका है, लेकिन फाइनल का मुकाबला अलग होता है। इसलिए पिछले मैच में बड़े अंतर से मिली जीत को आधार बनाकर आकलन करना ठीक नहीं होगा। चीन की टीम भी अब तक कई मुकाबले खेलकर अपनी लय हासिल कर चुकी होगी। फाइनल में भारत की जीत की संभावना 60:40 है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *