Headlines

शरद पवार की पार्टी परिसीमन बिल का समर्थन करेगी: सुप्रिया सुले केंद्र में मंत्री बनेंगी; कांग्रेस बोली- शरद पवार को हमने राज्यसभा पहुंचाया – Supriya Sule To Join Union Cabinet


कुछ ही क्षण पहले

  • कॉपी लिंक
फोटो 10 अगस्त की हैं। पीएम मोदी और अमित शाह सुप्रिया सुले की बेटी की शादी में पहुंचे थे।  - Dainik Bhaskar

फोटो 10 अगस्त की हैं। पीएम मोदी और अमित शाह सुप्रिया सुले की बेटी की शादी में पहुंचे थे।

शरद पवार की पार्टी NCP (SP) परिसीमन बिल पर केंद्र सरकार को समर्थन देगी। पार्टी के विधायक जितेंद्र आव्हाड ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने दावा किया कि शरद पवार के साथ चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया है।

वहीं एनडीटीवी ने सोर्स के हवाले से यह जानकारी दी है कि समर्थन के बदले NCP (SP) की सांसद और शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले को केंद्र में मंत्री बनाया जाएगा। इसके अलावा पार्टी ने राज्य सरकार में एक कैबिनेट और दाे राज्य मंत्री पद भी मांगे हैं।

पार्टी के पास महाराष्ट्र विधानसभा में 10 विधायक और लोकसभा में 8 सांसद हैं। संसद का विशेष सत्र 30 नवंबर से लोकसभा और 2 दिसंबर से राज्यसभा में शुरू होना है।

शरद पवार से कांग्रेस नाराज, बोली- आपकी राज्यसभा सीट के लिए हमने दावा छोड़ा था

परिसीमन बिल को समर्थन देने के मुद्दे पर कांग्रेस और उसकी सहयोगी NCP (SP) के बीच विवाद शुरू हो गया है। महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने शरद पवार की पार्टी के फैसले पर नाराजगी जताई है। कांग्रेस ने X पर पोस्ट कर याद दिलाया कि इसी साल राज्यसभा चुनाव में शरद पवार को राज्यसभा भेजने के लिए उसने अपनी सीट पर दावा छोड़ दिया था। कांग्रेस के मुताबिक, उस समय NCP-SP के पास सिर्फ 10 विधायक थे, जबकि राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिए 36 वोटों की जरूरत थी। कांग्रेस के 16 और उद्धव ठाकरे की शिवसेना के 20 विधायक थे। कांग्रेस का दावा है कि सुप्रिया सुले ने खुद राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे से अपने पिता के लिए समर्थन मांगा था। दोनों नेताओं ने सहमति दी और महाविकास अघाड़ी ने सर्वसम्मति से शरद पवार की उम्मीदवारी का समर्थन किया। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि अब वही शरद पवार और उनकी पार्टी भाजपा सरकार के परिसीमन बिल का समर्थन करने जा रहे हैं।

बिल पास हुआ तो लोकसभा-विधानसभा की सीटें 50% बढ़ जाएंगी

परिसीमन बिल संसद से पास हो गया तो लोकसभा और देश की सभी विधानसभाओं की सीटें 50% बढ़ जाएंगी। लोकसभा में अभी 543 सीटें हैं। 50% बढ़ोतरी के बाद ये 815 हो जाएंगी। यानी 272 सीटें बढ़ेंगी।

सीटों की संख्या का निर्धारण 1971 की जनगणना से और संसदीय क्षेत्रों की सीमाओं का परिसीमन 2011 के जनगणना के आधार पर होगा।

कई राज्यों में 50% के हिसाब से आधी सीट बढ़ रही है। ऐसे में अगली सीट पूरी गिनी जा सकती है। तब बढ़ने वाली सीटें 281 होंगी और कुल सीटें 824 हो जाएंगी। कुल सीटों की यह संख्या अगले 25 साल तक नहीं बदलेगी।

इससे क्या बदलेगा:

केंद्र और राज्य के सदनों में 33% सीटें महिलाओं के लिए रिजर्व होंगी।

लोकसभा में 815 सीटें हो जाएंगी, जिनमें महिलाओं के लिए 272 होंगी।

विधानसभा में भी 6,185 सीटें होंगी, जिनमें महिलाओं के लिए 2,042 होंगी।

संसद के विशेष सत्र में बिल पास कराने की तैयारी

सरकार परिसीमन के बिल को 30 नवंबर से शुरू हो रहे संसद के विशेष सत्र में पास कराना चाहती है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने विपक्ष से बिल पर बहस में हिस्सा लेने की अपील की है।

दूसरी तरफ, कांग्रेस का आरोप है कि सरकार बिल पास कराने के लिए धोखे से बहुमत जुटा रही है।

सीटें बढ़ाने का नया बिल, पुराने बिल से कितना अलग

16 अप्रैल को संसद में जो बिल पास नहीं हो सका था। उसमें जनसंख्या आधारित परिसीमन के जरिए सीटों की संख्या बढ़ाने की योजना थी, जिससे राज्यों के बीच प्रतिनिधित्व का अनुपात बदलने की आशंका थी।

अब नए बिल में सभी राज्यों की मौजूदा सीटों में 50% बढ़ोतरी और 2051 तक राज्यों के बीच मौजूदा सीट अनुपात बनाए रखने की योजना है। यानी नए प्रस्ताव का मुख्य बदलाव यह है कि लोकसभा में सीटें तो बढ़ेंगी, लेकिन किसी राज्य की दूसरे राज्य के मुकाबले मौजूदा आनुपातिक हिस्सेदारी कम नहीं होगी।

अप्रैल में 54 वोट से बिल गिर गया था

मोदी सरकार ने 16 से 18 अप्रैल 2026 को संसद का विशेष सत्र बुलाकर परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े संविधान संशोधन बिल पेश किए थे। तर्क दिया कि 2029 चुनाव तक महिला आरक्षण कानून लागू करने के लिए इन्हें पारित होना जरूरी है।

विधेयक के पक्ष में 298 सांसदों ने वोट दिया। इसके विरोध में 230 सांसदों ने वोट दिया। वोटिंग के दौरान सदन में कुल 528 सांसद मौजूद थे।

संविधान संशोधन पारित कराने के लिए मौजूद और वोट करने वाले सांसदों के दो-तिहाई समर्थन की जरूरत थी। इस हिसाब से विधेयक को कम से कम 352 वोट चाहिए थे। विधेयक को 298 वोट ही मिले, यानी यह 54 वोट से पास नहीं हो सका।

लोकसभा में 40, राज्यसभा में 11 सांसदों की जरूरत

लोकसभा में NDA के साथ 320 सांसद हैं। फिलहाल 3 लोकसभा सीटें खाली हैं। यानी लोकसभा में अधिकतम 540 सांसद बिल पर वोटिंग करेंगे। इस हिसाब से लोकसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई के 360 के आंकड़े से NDA अभी 40 वोट पीछे हैं।

राज्यसभा में NDA के साथ 151 सांसद हैं। राज्यसभा में 243 सांसद वोट करेंगे। इस हिसाब से राज्यसभा में बिल पास कराने के लिए दो-तिहाई के 162 के आंकड़े से NDA अभी 11 वोट पीछे हैं।

सरकार संसद में संशोधन बिल कैसे पास कराएगी

  • पहली स्थिति- सभी 540 सांसद वोटिंग करें तो सरकार को तीन पार्टियों (DMK, NCP-SP और YSRCP) का समर्थन चाहिए। साथ ही क्रॉस वोटिंग की भी जरूरत पड़ेगी।
  • दूसरी स्थिति- यूपी चुनाव को देखते सपा वोटिंग से बच सकती है। क्योंकि बिल के खिलाफ वोट करने पर आगामी चुनाव में भाजपा इसको मुद्दा बना लेगी। सपा के अनुपस्थित रहने से केंद्र सरकार की राह आसान हो जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.