- Hindi News
- Sports
- BWF World Championship Draw | Shi Yuqi Faces Ayush Shetty In New Delhi
1 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

बैडमिंटन वर्ल्ड फेडरेशन (BWF) ने बुधवार को नई दिल्ली में वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप का ड्रॉ जारी किया। यह चैंपियनशिप नई दिल्ली में 17 से 23 अगस्त तक होने वाली है।
पहले दौर में भारत के आयुष शेट्टी वर्ल्ड चैंपियन और टॉप सीड चीन के शी यू क्वी से खेलेंगे। शी यू क्वी ने एशियन चैंपियनशिप के फाइनल में आयुष शेट्टी को हराया था।
पुरुष और महिला एकल में 64-64 खिलाड़ियों का ड्रॉ है। तीनों युगल स्पर्धाओं में 48-48 जोड़ियां हिस्सा लेंगी।

ड्रॉ जारी करते BWF के पदाधिकारी और भारतीय कोच पुलेला गोपीचंद।
भारतीय कोच गोपीचंद बोले- भारतीय नजरिए से ड्रॉ अच्छा
बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) के राष्ट्रीय मुख्य कोच पुलेला गोपीचंद ने कहा कि भारतीय टीम कई स्पर्धाओं में मजबूत स्थिति में है। टीम का लक्ष्य कम से कम कुछ स्पर्धाओं में पोडियम तक पहुंचना है।
गोपीचंद ने कहा, “भारतीय नजरिए से ड्रॉ अच्छा दिख रहा है। सबसे बड़ा पहला मुकाबला शी यू क्वी और आयुष शेट्टी के बीच है। मेरा मानना है कि आयुष बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं। उनके आक्रामक खेल को देखते हुए पहले दौर में शी से खेलना बाद के मुकाबले से बेहतर है। अगर वह यह मैच जीतते हैं तो उनके लिए ड्रॉ खुल सकता है।”
महिला एकल में भी शुरुआती मुकाबले चुनौतीपूर्ण
महिला एकल में शीर्ष वरीयता प्राप्त कोरिया की आन से यंग अपने अभियान की शुरुआत बुल्गारिया की कालोयाना नलबांतोवा के खिलाफ करेंगी। 2023 की विश्व चैंपियन आन से यंग के क्वार्टर में मिया ब्लिखफेल्ट, पांचवीं वरीयता प्राप्त हान यू और हमवतन किम गा यून भी हैं।
तीसरी वरीयता प्राप्त वांग झी यी को पहले दौर में बेईवेन झांग जैसी कठिन प्रतिद्वंद्वी मिली हैं। दूसरी वरीयता प्राप्त अकाने यामागुची का मुकाबला गुयेन थ्यू लिन्ह से होगा।
पुरुष एकल में कई रोमांचक मुकाबले होंगे
पहले दौर में कई मुकाबलों पर नजर रहेगी। 2021 के विश्व चैंपियन लोह कीन यू का सामना ब्रायन यांग से होगा। क्रिस्टो पोपोव का मुकाबला केंटा निशिमोटो, वेंग होंग यांग का युशी तनाका और 2023 के उपविजेता कोदाई नाराओका का ची यू जेन से होगा।
युगल वर्ग में शीर्ष जोड़ियों को पहले दौर में बाय मिली
तीनों युगल स्पर्धाओं की सभी 16 वरीय जोड़ियों को पहले दौर में बाय मिला है। पुरुष युगल के मौजूदा विश्व चैंपियन किम वोन हो और सियो सियुंग जे दूसरे दौर में क्रिस्टो पोपोव/टोमा जूनियर पोपोव या ताकुमी नोमुरा/यूइची शिमोगामी की जोड़ी से भिड़ेंगे।
महिला युगल में शीर्ष वरीयता प्राप्त लियू शेंग शू और तान निंग के क्वार्टर में गैब्रिएला स्टोएवा/स्टेफानी स्टोएवा तथा छठी वरीयता प्राप्त किम ह्ये जियोंग/कोंग ही योंग की जोड़ियां हैं।
