Headlines

Flipkart CEO Kalyan Krishnamurthy Resigns


13 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

देश की दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट (Flipkart) के ग्रुप CEO कल्याण कृष्णमूर्ति ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। कंपनी की पेरेंट कंपनी वॉलमार्ट (Walmart) के एग्जीक्यूटिव निकोलस ने इस नेतृत्व परिवर्तन की जानकारी दी, हालांकि उन्होंने कृष्णमूर्ति के इस्तीफे की वजह का खुलासा नहीं किया है।

कृष्णमूर्ति करीब 9 साल से कंपनी की कमान संभाल रहे थे। उनका यह इस्तीफा ऐसे समय में हुआ है जब $38 बिलियन (करीब ₹3.15 लाख करोड़) से ज्यादा वैल्यूएशन वाली इस कंपनी के शेयर बाजार में लिस्टिंग (IPO) को लेकर पहले से ही असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

2017 में बने थे CEO, वॉलमार्ट डील के बाद भी पद पर बने रहे

कल्याण कृष्णमूर्ति ने जनवरी 2017 में फ्लिपकार्ट के CEO का पद संभाला था। इसके बाद साल 2018 में उन्हें प्रमोट कर ग्रुप CEO बनाया गया। फ्लिपकार्ट जॉइन करने से पहले वे कंपनी के शुरुआती निवेशकों में से एक ‘टाइगर ग्लोबल मैनेजमेंट’ (Tiger Global) के साथ काम कर रहे थे।

उनकी नियुक्ति उस दौर में हुई थी जब फ्लिपकार्ट के को-फाउंडर्स सचिन बंसल और बिन्नी बंसल ने कंपनी का एग्जीक्यूटिव कंट्रोल छोड़ा था। साल 2018 में अमेरिकी रिटेल दिग्गज वॉलमार्ट ने करीब $16 बिलियन (उस समय लगभग ₹1.07 लाख करोड़) में फ्लिपकार्ट की 77% हिस्सेदारी खरीदी थी। यह भारतीय ई-कॉमर्स सेक्टर की सबसे बड़ी डील्स में से एक थी। इस अधिग्रहण के बाद भी कृष्णमूर्ति CEO के पद पर बने रहे थे।

IPO की टाइमलाइन पर सस्पेंस, वॉलमार्ट ने आगे बढ़ाया प्लान

फ्लिपकार्ट की वैल्यूएशन इस साल $38 बिलियन के पार पहुंच गई है। कंपनी ने भारतीय शेयर बाजार में लिस्टिंग के लिए कई बड़े कदम भी उठाए हैं। इसी कड़ी में मार्च में फ्लिपकार्ट ने अपना कॉर्पोरेट हेडक्वार्टर (डोमिसाइल) सिंगापुर से भारत शिफ्ट किया था।

हालांकि, रिपोर्ट्स के मुताबिक वॉलमार्ट ने फिलहाल फ्लिपकार्ट के IPO प्लान को आगे बढ़ा दिया है, जिससे कंपनी के कई सीनियर एग्जीक्यूटिव नाराज बताए जा रहे हैं। निकोलस ने भी IPO की कोई तय समयसीमा बताने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि वॉलमार्ट की मजबूत वित्तीय स्थिति के कारण कंपनी तुरंत लिस्टिंग के बजाय लॉन्ग-टर्म ग्रोथ पर ध्यान दे रही है।

वॉलमार्ट बोला- हमें कैश जुटाने के लिए IPO की जरूरत नहीं ब्लूमबर्ग (Bloomberg) से बातचीत में निकोलस ने कहा- “कंपनी को लंबे समय तक टिके रहने लायक बनाना IPO की टाइमिंग से कहीं ज्यादा महत्वपूर्ण है।”

उन्होंने आगे कहा- “हमारे पास यह आजादी है कि हमें कैश जुटाने के लिए तुरंत IPO लाने की जरूरत नहीं है। इससे हमें रणनीतिक तौर पर यह सोचने का समय मिलता है कि बाजार में कब उतरना है और हम अपने लॉन्ग-टर्म विजन को सही तरीके से पूरा कर सकें।”

पूर्व कर्मचारियों के स्टॉक ऑप्शंस (ESOP) पर भी असमंजस

IPO में हो रही देरी से फ्लिपकार्ट के उन पूर्व कर्मचारियों और अधिकारियों की चिंता भी बढ़ गई है, जो अपने स्टॉक ऑप्शंस (ESOP) बेचकर पैसा भुनाना चाहते हैं। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, कई पूर्व एग्जीक्यूटिव्स ने वॉलमार्ट से आग्रह किया है कि वह उनकी हिस्सेदारी खुद खरीद ले (बायआउट करे)।

निकोलस ने यह तो साफ नहीं किया कि वॉलमार्ट इसके लिए तैयार होगा या नहीं, लेकिन उन्होंने कहा कि कंपनी कर्मचारियों (एसोसिएट्स) को लिक्विडिटी उपलब्ध कराने के लिए एक प्लान पर काम कर रही है।

कमाई 18% बढ़ी, लेकिन ₹8,468 करोड़ का घाटा और क्विक-कॉमर्स की चुनौती

फ्लिपकार्ट के IPO की तैयारियों में कंपनी का वित्तीय प्रदर्शन सबसे अहम रहने वाला है। वित्त वर्ष 2025-26 (FY26) में फ्लिपकार्ट ग्रुप का रेवेन्यू 18% बढ़कर ₹1,45,880 करोड़ पर पहुंच गया है। हालांकि, कंपनी अभी भी मुनाफे में नहीं आ पाई है। FY26 में कंपनी का कुल घाटा मामूली रूप से घटकर ₹8,468 करोड़ रहा, जो एक साल पहले ₹8,646 करोड़ था।

इसके अलावा, बाजार में फ्लिपकार्ट को अमेजन (Amazon) के साथ-साथ क्विक-कॉमर्स कंपनियों जैसे ब्लिंकिट (Blinkit), जेप्टो (Zepto) और स्विगी इंस्टामार्ट (Swiggy Instamart) से कड़ी टक्कर मिल रही है। इस प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए कंपनी को टेक्नोलॉजी, लॉजिस्टिक्स और डिलीवरी इन्फ्रास्ट्रक्चर पर लगातार बड़ा निवेश करना पड़ रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *