- Hindi News
- Business
- Intel Shares Crash After Israel Plant Blast & PC Market Slump | Trump Era
15 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

ग्लोबल चिपमेकर कंपनी इंटेल के शेयरों में शुक्रवार को 29% की गिरावट रही। 1970 के दशक के बाद कंपनी के लिए एक ही दिन में यह सबसे बड़ी गिरावट है। कंपनी का शेयर 66 डॉलर पर आ गया है। चालू तिमाही यानी Q4 के कमजोर नतीजे रहने के अनुमानों के चलते निवेशकों ने इंटेल के शेयरों में भारी बिकवाली की है।
कंपनी ने इस गिरावट के पीछे इजराइल स्थित अपने मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में हुए हादसे के कारण प्रोडक्शन ठप होने और पर्सनल कंप्यूटर यानी PC मार्केट में चल रही सुस्ती को मुख्य वजह बताया है।

ट्रम्प सरकार और एनवीडिया को अरबों डॉलर का नुकासान
इंटेल के शेयरों में आई इस गिरावट से अमेरिकी सरकार और चिप कंपनी एनवीडिया को बड़ा नुकसान हुआ है। ट्रम्प प्रशासन ने एक साल से अधिक समय पहले इंटेल में 10% हिस्सेदारी ली थी। शुक्रवार को हुई गिरावट से सरकारी होल्डिंग्स की वैल्यू में करीब $12 बिलियन यानी लगभग ₹1 लाख करोड़ की कमी आई है, हालांकि सरकार का यह निवेश अब भी मुनाफे में बना हुआ है। वहीं, इंटेल में बड़ा स्टेक रखने वाली एनवीडिया को भी अपनी होल्डिंग में करीब $6 बिलियन का नुकसान झेलना पड़ा है।
इजराइल फैब धमाके से $600 मिलियन का रेवेन्यू नुकसान
इंटेल के कमजोर नतीजों और गाइडेंस के पीछे इजराइल स्थित उसकी फैब्रिकेशन यूनिट (फैब) में हुआ हादसा एक प्रमुख कारण है। इस महीने की शुरुआत में इजराइल प्लांट में हुए एक विस्फोट में दो कर्मचारियों की मौत हो गई थी और एक गंभीर रूप से घायल हुआ था।
सीईओ लिप-बू टैन ने इसे ‘दुर्भाग्यपूर्ण और दुखद दुर्घटना’ बताते हुए कहा कि धमाके के बाद प्लांट में काम लंबे समय के लिए बंद करना पड़ा, जिससे इंटेल के 10-नैनोमीटर चिप्स की सप्लाई प्रभावित हुई है। कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) डेविड जिंसनर के मुताबिक, इस हादसे के कारण कंपनी को दो तिमाहियों में लगभग $600 मिलियन (करीब ₹5,000 करोड़) के रेवेन्यू का नुकसान होगा।
पीसी मार्केट में सुस्ती, Q4 अनुमानों पर पड़ा असर
कंपनी के CFO डेविड जिंसनर ने कहा कि हम देख रहे हैं कि पीसी मार्केट में सुस्ती कम से कम अगले साल की पहली छमाही (H1 2026) तक जारी रहेगी। इसके बावजूद हम भविष्य की ग्रोथ और सप्लाई बढ़ाने के लिए कैपेसिटी और वर्किंग कैपिटल में अनुशासित निवेश जारी रखेंगे।
इन्हीं कारणों से इंटेल ने चालू तिमाही में $15 बिलियन से $16 बिलियन के रेवेन्यू का अनुमान जताया है, जो एनालिस्ट्स के $17.1 बिलियन के अनुमान से काफी कम है।
पूरे टेक सेक्टर में बिकवाली; अल्फाबेट, अमेजन और क्वालकॉम भी टूटे
इंटेल के झटके से पूरा टेक और सेमीकंडक्टर सेक्टर प्रभावित हुआ। शुक्रवार को टेक-हैवी इंडेक्स नैस्डैक 2.9% गिरकर बंद हुआ।
- अल्फाबेट : गुरुवार को 12% से ज्यादा टूटने (कंपनी इतिहास का सबसे खराब दिन) के बाद शुक्रवार को भी शेयर गिरावट के साथ बंद हुआ।
- अमेजन : तीसरी तिमाही में रेवेन्यू और प्रॉफिट दोनों मोर्चे पर कमजोर प्रदर्शन के बाद शेयर 1.4% गिर गया।
- सेमीकंडक्टर शेयर: एनवीडिया के शेयर 4% गिरे, ब्रॉडकॉम 5% से ज्यादा टूटा, जबकि मोबाइल चिपमेकर क्वालकॉम के शेयरों में 11% की भारी गिरावट आई।
