स्पोर्ट्स डेस्ककुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

रोहित शर्मा ने वनडे करियर में 11 हजार 757 रन बनाए हैं।
रोहित शर्मा का 19 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में आखिरी वनडे हो सकता है। द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI की सिलेक्शन कमेटी ने रोहित शर्मा को साफ कर दिया है कि वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप की योजना का हिस्सा नहीं हैं।
कमेटी ने इंग्लैंड दौरे के दौरान मुख्य कोच गौतम गंभीर के साथ बैठक में उन्हें यह फैसला बताया। हालांकि, बोर्ड ने अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
रिपोर्ट के मुताबिक, चयनकर्ताओं ने रोहित से कहा कि यशस्वी जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ियों को मौके दिए जाएंगे। हालांकि, उन्होंने रोहित पर यह फैसला छोड़ दिया है कि वह खुद संन्यास लेते हैं या चयन के लिए उपलब्ध रहते हैं।
इंग्लैंड दौरे पर रोहित का प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। पहले दो वनडे में उन्होंने 11 और 26 रन बनाए। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि फिटनेस पर काम करने के बावजूद रोहित इस फैसले से खुश नहीं हैं और उन्होंने इंग्लैंड दौरे के दौरान BCCI के कुछ अधिकारियों से भी इस बारे में चर्चा की।

रोहित शर्मा इंग्लैंड दौरे पर 37 रन ही बना पाए हैं।
रोहित को वनडे टीम से बाहर करने वाले 4 बड़े कारण
1. 2027 वर्ल्ड कप के लिए नई टीम तैयार करना चाहते हैं चयनकर्ता
रिपोर्ट के मुताबिक चयन समिति अब 2027 वनडे वर्ल्ड कप के लिए नई टीम बनाना चाहती है। इसी वजह से यशस्वी जायसवाल जैसे युवा खिलाड़ियों को लगातार मौके देने की योजना है। टेस्ट में लगातार रन बनाने के बावजूद जायसवाल को वनडे में लंबा इंतजार करना पड़ा है। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ आखिरी वनडे में शतक लगाया था।
2. कप्तानी पहले ही शुभमन गिल को मिल चुकी
रोहित से पिछले साल वनडे कप्तानी लेकर शुभमन गिल को जिम्मेदारी दी गई थी। इसके बाद से ही संकेत मिलने लगे थे कि चयनकर्ता भविष्य की टीम तैयार करने पर फोकस कर रहे हैं।
3. फैसला रोहित पर छोड़ा गया
रिपोर्ट के मुताबिक चयनकर्ताओं ने रोहित से यह नहीं कहा कि वह तुरंत संन्यास लें। उन्हें सिर्फ यह बताया गया कि इंग्लैंड सीरीज के बाद वह टीम की भविष्य की योजना में शामिल नहीं हैं। अब अंतिम फैसला रोहित को करना है।
4. पहले ही दो फॉर्मेट छोड़ चुके हैं
रोहित ने 29 जून 2024 को भारत को टी-20 वर्ल्ड कप जिताने के बाद संन्यास लिया था। इसके बाद 7 मई 2025 को इंग्लैंड दौरे से पहले टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया था।
2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल में पहुंचाया
रोहित की कप्तानी में भारत 2023 वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंचा। उन्होंने टीम को पहले गेंद से अटैक करने की स्ट्रैटिजी सिखाई। इससे वनडे क्रिकेट में भारत का नजरिया बदल गया। इसी टेम्पलेट पर भारत ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप भी जीता। रोहित वनडे में तीन दोहरे शतक लगाने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज भी हैं।

रोहित शर्मा वनडे वर्ल्ड ट्रॉफी के बगल में। 19 नवंबर 2023 को फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया ने हराया था।
बतौर कप्तान 103 मैच जीते
रोहित शर्मा भारत के सबसे सफल कप्तानों में शामिल हैं। उन्होंने 2017 से 2025 के बीच 142 मैचों में कप्तानी की। इसमें भारत ने 103 मुकाबले जीते। वनडे में उन्होंने 56 मैचों में 42 जीत, टी-20 इंटरनेशनल में 62 मैचों में 49 जीत और टेस्ट में 24 मैचों में 12 जीत दर्ज की।
उनकी कप्तानी में भारत ने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप और 2025 चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर दो ICC खिताब अपने नाम किए। उन्होंने भारत को 2018 और 2023 एशिया कप भी जिताया।
