स्पोर्ट्स डेस्क4 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज में शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय कप्तान शुभमन गिल दुनिया के नंबर-2 वनडे बल्लेबाज बन गए हैं। वहीं, ईशान किशन ने 21 स्थान की लंबी छलांग लगाई है।
ICC ने बुधवार को तीनों फॉर्मेट में खिलाड़ियों की साप्ताहिक रैंकिंग जारी की है। वनडे गेंदबाजों में भारत के प्रसिद्ध कृष्णा को 34 और अर्शदीप सिंह को 16 स्थान का फायदा मिला है।
वहीं, टेस्ट रैंकिंग में न्यूजीलैंड के मैट हैनरी भारत के जसप्रीत बुमराह के साथ संयुक्त रूप से नंबर-1 गेंदबाज बन गए हैं। 36 साल बाद न्यूजीलैंड का कोई गेंदबाज पहले स्थान पर आया है। इससे पहले 1990 में रिचर्ड हैडली टेस्ट के टॉप गेंदबाज थे।
अफगानिस्तान सीरीज में गिल को मिला फायदा
गिल वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में नंबर-1 पर काबिज न्यूजीलैंड के डेरिल मिचेल से सिर्फ 24 रेटिंग अंक पीछे हैं। गिल ने अफगानिस्तान के खिलाफ हालिया तीन मैचों की वनडे सीरीज में 238 रन बनाए। वहीं, ईशान किशन 21 स्थान की छलांग लगाकर 43वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
हैमस्ट्रिंग चोट के कारण सीरीज से बाहर रहे विराट कोहली तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं, जबकि रोहित शर्मा चौथे स्थान पर बने हुए हैं।

तीन भारतीय गेंदबाजों को भी फायदा
गेंदबाजों में तीन भारतीय बॉलर्स ने रैंकिंग में लंबी छलांग लगाई है। अर्शदीप सिंह 16 पायदान ऊपर चढ़कर 22वें स्थान पर पहुंच गए हैं। प्रसिद्ध कृष्णा ने 34 स्थानों की बढ़त हासिल की है और वे 58वें नंबर पर आ गए हैं, जबकि ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर 17 पायदान चढ़कर संयुक्त रूप से 71वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
अफगानिस्तान के राशिद खान टॉप, पाकिस्तान के अबरार अहमद दूसरे और इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर तीसरे नंबर पर हैं।
हेनरी ने बुमराह के साथ शेयर की टॉप पोजीशन
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट में न्यूजीलैंड की 253 रनों की बड़ी जीत में अहम भूमिका निभाने वाले तेज गेंदबाज मैट हेनरी टेस्ट रैंकिंग में नंबर-1 पर पहुंच गए हैं। 34 साल के हेनरी ने इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट मैच में कुल 11 विकेट लिए, जिसके दम पर न्यूजीलैंड ने तीन मैचों की वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप सीरीज को 1-1 से बराबर कर लिया है।
अब हेनरी ने जसप्रीत बुमराह के साथ नंबर-1 की पोजीशन शेयर की है। बुमराह नवंबर 2024 में कागिसो रबाडा को पीछे छोड़ने के बाद से अकेले इस टॉप पोजीशन पर काबिज थे।
न्यूजीलैंड के लिए 36 साल का सूखा खत्म
न्यूजीलैंड क्रिकेट के इतिहास में पूरे 36 साल बाद कोई तेज गेंदबाज टेस्ट में नंबर-1 रैंकिंग पर पहुंचा है। मैट हेनरी टेस्ट क्रिकेट में दुनिया के नंबर-1 गेंदबाज बनने वाले न्यूजीलैंड के सिर्फ तीसरे खिलाड़ी हैं। ICC के मुताबिक, हेनरी से पहले जैक काउवी (1947) और रिचर्ड हैडली (1984-1990) ही न्यूजीलैंड के ऐसे गेंदबाज रहे हैं जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में यह रैंकिंग हासिल की थी।
टेस्ट बैटर्स में इंग्लैंड के जो रूट फिर बने नंबर-1
टेस्ट बल्लेबाजों की रैंकिंग में भी बदलाव हुआ है। इंग्लैंड के स्टैंड-इन कप्तान जो रूट दो पायदान ऊपर चढ़ गए हैं। इस बढ़त के साथ रूट ने टेस्ट बैटर्स की रैंकिंग में एक बार फिर से नंबर-1 का स्थान हासिल कर लिया है।
