Headlines

Student of the Year After Dark Review


33 मिनट पहलेलेखक: आशीष तिवारी

  • कॉपी लिंक

डायरेक्टर- मीरा सेनगुप्ता

स्टारकास्ट- शनाया कपूर, शीबा चड्ढा, हर्ष छाया, अनुश्री शुक्ला, दिविक शर्मा

एपिसोड- 6

रेटिंग- 3.5/5 स्टार्स

धर्मा प्रोडक्शंस की ‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ में अब तक कॉलेज की रंगीनियां, दोस्ती, इश्क और कॉम्पिटिशन का शोर सुनाई देता था। लेकिन इस बार उसी सेंट टेरेसा कॉलेज के गलियारों में एक ऐसा राज दफन है, जिसकी तलाश में हर चेहरा संदिग्ध और हर रिश्ता सवाल बन जाता है। फ्रेंचाइजी का यह नया अवतार ग्लैमर की चाशनी छोड़कर सस्पेंस और मर्डर मिस्ट्री का कड़वा स्वाद परोसता है। चलिए जानते हैं कैसी है सीरीज-

कहानी: एक मौत, दो बहनें और शक के घेरे में पूरा कॉलेज

कहानी शुरू होती है सेंट टेरेसा कॉलेज की पॉपुलर स्टूडेंट आयशा मलिक (शनाया कपूर) की संदिग्ध मौत से। उसकी जुड़वां बहन अदिति (शनाया कपूर) इस मौत के पीछे का सच जानने के लिए उसी कॉलेज पहुंचती है। यहां उसे मिलता है रहस्यों, महत्वाकांक्षाओं और एक खतरनाक सीक्रेट प्रतियोगिता का ऐसा जाल, जिसमें हर किरदार की अपनी कहानी और अपना मकसद है। जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ती है, शक की सुई घूमती रहती है और दर्शक भी कातिल की तलाश में अपना दिमाग दौड़ाने लगते हैं।

एक्टिंग: शनाया के खाते में सबसे बड़ी बाजी

सीरीज का सबसे मजबूत पक्ष शनाया कपूर हैं। डबल रोल में उन्होंने आयशा और अदिति के व्यक्तित्व का अंतर दिखाने की अच्छी कोशिश की है। आयशा का ग्लैमरस, आत्मविश्वासी और बेफिक्र अंदाज हो या अदिति का अपनी बहन को खोने के बाद सच तक पहुंचने का जुनून, शनाया दोनों किरदारों को अलग पहचान देती हैं। खासकर इमोशनल सीन में उनकी परफॉर्मेंस इम्प्रेस करती है। दिविक शर्मा, अभिनव सिंह, मान्या ग्रोवर, दीया दामिनी और आदि मलिक ने भी अपने किरदारों के साथ न्याय किया है। वहीं शीबा चड्ढा, नीरज काबी और विवेक गोम्बर जैसे कलाकार कहानी को जरूरी गंभीरता देते हैं।

डायरेक्शन और टेक्निकल पक्ष: चमकते कैंपस के पीछे अंधेरे का खेल

डायरेक्टर रीमा सेनगुप्ता ने फ्रेंचाइजी की बनी हुई पहचान से हटकर इसे एक डार्क थ्रिलर का रूप दिया है। उनका विजुअल ट्रीटमेंट कहानी के मिजाज के साथ चलता है। आलीशान कॉलेज, पार्टियां और चमकती दुनिया एक तरफ हैं, तो दूसरी तरफ किरदारों के भीतर पलते डर, असुरक्षा और महत्वाकांक्षाएं। सिनेमैटोग्राफी और प्रोडक्शन डिजाइन इस विरोधाभास को खूबसूरती से उभारते हैं। स्क्रीनप्ले की सबसे अच्छी बात यह है कि रहस्य एक साथ नहीं खुलते, बल्कि हर एपिसोड के साथ शक की नई परत जुड़ती है। हालांकि, तीसरे और चौथे एपिसोड में कहानी की रफ्तार कुछ धीमी होती है। कुछ सबप्लॉट खिंचे हुए लगते हैं और कुछ खुलासे अपेक्षित रोमांच पैदा नहीं कर पाते।

म्यूजिक: धुनों में भी है रहस्य का रंग

‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ फ्रेंचाइजी की पहचान उसके चार्टबस्टर गानों से भी रही है, लेकिन ‘आफ्टर डार्क’ में म्यूजिक का अंदाज बदला हुआ है। ‘जो भी होना है हो जाएगा’ इस नए मिजाज का प्रतिनिधित्व करता है। चार दीवारी और समद खान का यह ट्रैक पारंपरिक बॉलीवुड गाने से अलग प्रयोगात्मक अंदाज रखता है। वहीं बैकग्राउंड स्कोर सस्पेंस वाले दृश्यों में तनाव बढ़ाता है। यहां संगीत का मकसद थिरकाना कम और बेचैनी पैदा करना ज्यादा है।

फाइनल वर्डिक्ट: फ्रेंचाइजी का नया रंग, देखने लायक प्रयोग

‘स्टूडेंट ऑफ द ईयर: आफ्टर डार्क’ अपनी पुरानी पहचान से बाहर निकलने का साहस दिखाती है। कॉलेज का ग्लैमर अब भी है, लेकिन उसके पीछे छिपे राज, रिश्तों की उलझनें और मर्डर मिस्ट्री कहानी को नया आयाम देते हैं। शनाया कपूर का डबल रोल इस प्रयोग की सबसे बड़ी उपलब्धि है। कुछ जगहों पर सुस्त स्क्रीनप्ले और अनुमानित ट्विस्ट इसका रोमांच कम करते हैं, लेकिन कुल मिलाकर यह फ्रेंचाइजी का दिलचस्प और अलग अंदाज वाला विस्तार है। अगर आपको कैंपस ड्रामा के साथ रहस्य और थ्रिलर पसंद हैं, तो इसे वॉचलिस्ट में जगह दी जा सकती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *