स्पोर्ट्स डेस्क8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2025 का फाइनल 18 दिसंबर को पुणे में खेला गया था। झारखंड ने हरियाणा को 69 रन से हराया था।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी आज से शुरू होगी। इसमें 38 टीमें हिस्सा लेंगी। 32 टीमें एलीट और 6 टीमें प्लेट डिवीजन में खेलेंगी। टूर्नामेंट का फाइनल 6 दिसंबर को होगा।
इस बार 15 साल के वैभव सूर्यवंशी बिहार की कप्तानी करेंगे। सूर्यकुमार यादव, संजू सैमसन, मोहम्मद शमी और ईशांत शर्मा जैसे अनुभवी खिलाड़ी भी खेलेंगे। पिछली बार की चैंपियन झारखंड खिताब बचाने उतरेगी।
सूर्यकुमार यादव मुंबई के कप्तान बनाए गए हैं। उनकी कप्तानी में भारत ने टी-20 वर्ल्ड कप जीता था।
38 टीमें दो डिवीजन में खेलेंगी
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी भारत का घरेलू टी-20 टूर्नामेंट है। इसे BCCI आयोजित करता है। इसमें रणजी ट्रॉफी खेलने वाली टीमें हिस्सा लेती हैं। इस बार 38 टीमों को दो डिवीजन में बांटा गया है।
एलीट डिवीजन में 32 टीमें होंगी। इन्हें चार ग्रुप में रखा गया है और हर ग्रुप में 8 टीमें होंगी। हर टीम अपने ग्रुप की बाकी 7 टीमों से खेलेगी। चारों ग्रुप की टॉप 2-2 टीमें सुपर लीग में पहुंचेंगी।
सुपर लीग में 8 टीमों को चार-चार के दो ग्रुप में बांटा जाएगा। हर टीम 3 मैच खेलेगी। दोनों ग्रुप की टॉप टीमें फाइनल में पहुंचेंगी। एलीट डिवीजन का फाइनल 6 दिसंबर को होगा।
प्लेट डिवीजन में 6 टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमें एक-दूसरे से खेलेंगी और हर टीम के 5 लीग मैच होंगे। पॉइंट्स टेबल की शीर्ष 2 टीमें 24 नवंबर को फाइनल खेलेंगी।
वैभव पहली बार बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी करेंगे
15 साल के वैभव सूर्यवंशी पहली बार बिहार की सीनियर टीम की कप्तानी करेंगे। उन्हें टूर्नामेंट के शुरुआती दो मैचों के लिए कप्तान बनाया गया है। बिहार का पहला मुकाबला 14 नवंबर को सौराष्ट्र और दूसरा 16 नवंबर को रेलवे से होगा।
वैभव पिछले सीजन में टीम के उपकप्तान थे। तब उन्होंने टूर्नामेंट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने का रिकॉर्ड बनाया था। शुरुआती दो मैचों के बाद वे इंडिया-A के साथ राइजिंग स्टार्स एशिया कप के लिए रवाना होंगे।

वैभव सूर्यवंशी इंदौर में प्रैक्टिस के समय।
सूर्या मुंबई की कप्तानी करेंगे, संजू केरल के लीडर
भारतीय टी-20 टीम के पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव मुंबई की कप्तानी करेंगे। मुंबई 2022 और 2024 में दो बार यह ट्रॉफी जीत चुकी है। टीम में शिवम दुबे, शार्दुल ठाकुर, सरफराज खान और तुषार देशपांडे भी शामिल हैं।
संजू सैमसन केरल की 18 सदस्यीय टीम की कमान संभालेंगे। अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी बंगाल की टीम से खेलेंगे। बंगाल की कप्तानी अभिमन्यु ईश्वरन करेंगे।
ईशांत शर्मा दिल्ली की टी-20 टीम में वापसी करेंगे। वे आयुष बडोनी की कप्तानी में खेलेंगे। तमिलनाडु की टीम में पूर्व नंबर-1 टी-20 गेंदबाज वरुण चक्रवर्ती और तेज गेंदबाज टी नटराजन शामिल हैं।

ईशान किशन नहीं खेलेंगे
2025-26 सीजन के फाइनल में झारखंड ने हरियाणा को 69 रन से हराकर पहली बार ट्रॉफी जीती थी। ईशान किशन ने फाइनल में 49 गेंदों पर 101 रन बनाए थे। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 10 मैचों में 517 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द सीरीज भी जीतइ। उनके नाम दो शतक थे।
इस प्रदर्शन के बाद ईशान को भारतीय टीम में वापसी का मौका मिला। उन्हें 2026 टी-20 वर्ल्ड कप के लिए चुना गया। इस बार झारखंड ने घोषित टीम में ईशान को जगह नहीं दी है। टीम की कप्तानी अनुकूल रॉय करेंगे।
ईशान किशन ने 2025 मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतक लगाया था।
2006 में शुरू हुई थी प्रतियोगिता
इस टूर्नामेंट की शुरुआत 2006-07 सीजन में हुई थी। पहले इसका नाम इंटर-स्टेट टी-20 चैंपियनशिप था। बाद में इसका नाम पूर्व भारतीय टेस्ट क्रिकेटर सैयद मुश्ताक अली के नाम पर रखा गया।
सैयद मुश्ताक अली भारत के पहले ऐसे बल्लेबाज थे, जिन्होंने देश के बाहर टेस्ट शतक लगाया था। पहले सीजन में तमिलनाडु ने दिनेश कार्तिक की कप्तानी में खिताब जीता था।
2012-13 में नॉकआउट की जगह सुपर लीग का प्रयोग किया गया। 2016 में BCCI ने प्रतियोगिता को जोनल टीमों के आधार पर कराने का फैसला किया। हालांकि, 2017-18 से रणजी ट्रॉफी की टीमों को फिर शामिल कर लिया गया।
तमिलनाडु सबसे सफल टीम, 3 बार जीता खिताब
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के इतिहास में तमिलनाडु सबसे सफल टीम है। उसने तीन बार खिताब जीता है।

टूर्नामेंट के बड़े रिकॉर्ड



टीम के दूसरे रिकॉर्ड भी इस प्रतियोगिता को खास बनाते हैं। कर्नाटक ने लीग मैचों सहित लगातार 15 जीत दर्ज की हैं। जम्मू-कश्मीर के नाम लगातार 22 हार का रिकॉर्ड है।
बड़ौदा ने सिक्किम को 263 रन से हराकर सबसे बड़ी जीत दर्ज की थी। 10 विकेट से जीत 30 बार दर्ज हुई है। झारखंड ने त्रिपुरा के खिलाफ 100 गेंद बाकी रहते जीत हासिल की थी। गेंदें बची रहने के लिहाज से यह सबसे बड़ी जीत है।
