Youngest Scuba Diver Ira Raut Sets 6 World Records


  • Hindi News
  • Sports
  • Youngest Scuba Diver Ira Raut Sets 6 World Records | Andaman News

4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

शहीद द्वीप (अंडमान-निकोबार) | महाराष्ट्र के बुलढाणा की 10 साल की ईरा आदित्य राउत ने स्कूबा डाइविंग में एक दिन में 6 वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए हैं। वह 10 साल, 17 घंटे और 35 मिनट की उम्र में दुनिया की सबसे कम उम्र की क्वालिफाइड स्कूबा डाइवर बनीं। ईरा ने ये रिकॉर्ड अंडमान-निकोबार के शहीद द्वीप स्थित डाइव ट्राइब सेंटर में बनाए। उनके माता-पिता दोनों भारतीय नौसेना में कमांडर हैं।

ईरा के स्कूबा डाइविंग क्वालिफिकेशन को स्कूबा स्कूल्स इंटरनेशनल (SSI) ने प्रमाणित किया है। वहीं, इंटरनेशनल बुक ऑफ रिकॉर्ड्स के निर्णायक अरविंदर सिंह भाटी ने उनके सभी 6 रिकॉर्ड की जांच और पुष्टि की।

पानी के अंदर 1 मिनट में सबसे ज्यादा हैंड सिग्नल दिखाए

ईरा ने सबसे कम उम्र की क्वालिफाइड स्कूबा डाइवर बनने के अलावा पानी के अंदर कई रिकॉर्ड बनाए। इनमें तीन रिकॉर्ड टीनएज से कम उम्र के प्रतिभागियों की कैटेगरी में दर्ज हुए।

हैंड सिग्नल: पानी के अंदर 1 मिनट में सबसे ज्यादा स्कूबा डाइविंग हैंड सिग्नल दिखाने का रिकॉर्ड।

डाइविंग उपकरणों की पहचान: पानी के नीचे सबसे ज्यादा डाइविंग उपकरणों की पहचान करने का रिकॉर्ड।

सबसे ज्यादा दूरी: पानी के अंदर 1 मिनट में सबसे ज्यादा दूरी तय करने का रिकॉर्ड।

समुद्री जीवों की पहचान: स्कूबा डाइविंग के दौरान सबसे ज्यादा समुद्री जीवों की प्रजातियों की पहचान करने का रिकॉर्ड।

एक दिन में 6 रिकॉर्ड: एक ही दिन में 6 अलग-अलग वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का कीर्तिमान।

माता-पिता नेवी में कमांडर, दादा भी रह चुके नौसेना अधिकारी

ईरा के पिता कमांडर आदित्य राउत और मां कमांडर स्नेह बुडाकोटी भारतीय नौसेना में सेवाएं दे रहे हैं। उनके दादा अशोक राजाराम राउत भी नौसेना में कमांडर रह चुके हैं।

ईरा का परिवार मूल रूप से महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले का रहने वाला है। वह फिलहाल कर्नाटक के कारवार स्थित नेवल चिल्ड्रन स्कूल में कक्षा 5वीं की छात्रा हैं। परिवार में नौसेना से जुड़ाव के बीच ईरा ने कम उम्र में ही स्कूबा डाइविंग जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स में अपनी पहचान बनाई है।

ईरा बोलीं- पानी के अंदर की दुनिया को करीब से देखना चाहती हूं

अपनी उपलब्धि पर ईरा ने कहा, “पानी के अंदर स्कूबा डाइविंग करना मेरे लिए रोमांचक अनुभव रहा है। मुझे खुशी है कि मैं इतनी कम उम्र में ये रिकॉर्ड बना सकी। मैं आगे भी नई चीजें सीखना चाहती हूं और पानी के अंदर की दुनिया को और करीब से देखना चाहती हूं।”

ईरा की उपलब्धि से बच्चों और युवाओं में एडवेंचर स्पोर्ट्स के प्रति रुचि बढ़ सकती है। समुद्री जीवों की प्रजातियों की पहचान से समुद्र के भीतर मौजूद जैव विविधता को जानने और उसके संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी मदद मिल सकती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *