![]()
मेटा के स्वामित्व वाले व्हाट्सएप ने मंगलवार को वेब-आधारित कॉलिंग फीचर लॉन्च किया है। अब यूजर्स को डेस्कटॉप एप्लिकेशन डाउनलोड करने की जरूरत नहीं होगी और वे सीधे अपने ब्राउजर से ऑडियो और वीडियो कॉल कर सकेंगे। यह नया फीचर क्रॉस-डिवाइस फंक्शनलिटी को बेहतर बनाने के लिए जारी किए गए अपडेट का हिस्सा है। व्हाट्सएप के ब्लॉग पोस्ट के अनुसार, वेब कॉलिंग फीचर वन-ऑन-वन और ग्रुप कॉल दोनों को सपोर्ट करता है। इसमें स्क्रीन शेयरिंग, रिएक्शन्स और कॉल हिस्ट्री व फेवरेट्स के लिए एक अलग कॉल्स टैब भी दिया गया है। कंपनी का कहना है कि कॉलेज के छात्र जो साझा कंप्यूटर का उपयोग करते हैं या वे लोग जो वर्क लैपटॉप पर ऐप डाउनलोड नहीं कर सकते, वे बिना ब्राउजर छोड़े कॉल कर सकेंगे। कॉल ट्रांसफर और वेटिंग रूम की सुविधा व्हाट्सएप ने वेब कॉलिंग के साथ ‘कॉल ट्रांसफर’ फीचर भी पेश किया है। इसके जरिए यूजर्स किसी एक्टिव ग्रुप कॉल को एक डिवाइस से दूसरे डिवाइस पर ले जा सकते हैं। उदाहरण के लिए, मोबाइल से डेस्कटॉप पर कॉल को बिना डिस्कनेक्ट किए या दोबारा जॉइन किए शिफ्ट किया जा सकता है। ग्रुप बातचीत को सुरक्षित बनाने के लिए ‘वेटिंग रूम’ फीचर भी शुरू किया गया है। यदि कॉल लिंक बनाते समय ‘रिक्वायर अप्रूवल टू जॉइन’ सेटिंग इनेबल है, तो प्रतिभागी वर्चुअल वेटिंग एरिया में रहेंगे। जब तक होस्ट उन्हें अनुमति नहीं देगा, वे कॉल में शामिल नहीं हो पाएंगे। कॉल क्वालिटी के लिए तकनीकी सुधार अपडेट में कॉल क्वालिटी को बेहतर बनाने के लिए दो तकनीकी सुधार भी किए गए हैं। पहला ‘क्विक एचडी’ है, जिसे कॉल शुरू होते ही हाई-डेफिनिशन वीडियो प्रदान करने के लिए डिजाइन किया गया है। दूसरा फीचर ‘नॉइज सप्रेशन’ है, जो बैकग्राउंड शोर को हटाकर ऑडियो स्पष्टता बढ़ाता है। इससे शोर-शराबे वाली जगहों से कॉल करने पर भी यूजर की आवाज साफ सुनाई देगी। व्हाट्सएप ने बताया है कि इन फीचर्स को धीरे-धीरे सभी यूजर्स के लिए रोल आउट किया जा रहा है।
Source link
वॉट्सएप वेब में ऑडियो-वीडियो कॉलिंग फीचर आया:एप डाउनलोड किए बिना लैपटॉप-कंप्यूटर से कॉल कर सकेंगे; स्क्रीन शेयरिंग का सपोर्ट भी मिलेगा