इंदौर3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

क्रिकेट प्रेमियों के लिए शनिवार से इंदौर में सैयद मुश्ताक अली टी-20 ट्रॉफी के मुकाबले शुरू होंगे। पहले ही दिन होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज मैदान पर चार मैच खेले जाएंगे। इनमें बिहार और सौराष्ट्र के बीच होने वाला मुकाबला खास रहेगा।
बिहार के कप्तान और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी मैदान पर उतरेंगे। उनकी आक्रामक बल्लेबाजी देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह है। मैच देखने के लिए दर्शकों को नि:शुल्क प्रवेश मिलेगा।
टूर्नामेंट की तैयारियों के तहत गुरुवार को सभी टीमों ने जमकर अभ्यास किया। बिहार के कप्तान वैभव सूर्यवंशी ने डेली कॉलेज मैदान पर नेट्स में बल्लेबाजी की। वहीं, जम्मू-कश्मीर की टीम से खेलने वाले तेज गेंदबाज उमरान मलिक होलकर स्टेडियम में गेंदबाजी करते नजर आए। पंजाब, हरियाणा, सौराष्ट्र, रेलवे, तमिलनाडु, दिल्ली और जम्मू-कश्मीर की टीमों ने भी अलग-अलग सत्रों में अभ्यास किया।

गुरुवार को टीम के साथ प्रैक्टिस करते नजर आए वैभव सूर्यवंशी।
सुबह 11 बजे मैदान पर उतरेंगे वैभव
पहले दिन बिहार और सौराष्ट्र के बीच मुकाबला होलकर स्टेडियम में सुबह 11 बजे शुरू होगा। बिहार की कप्तानी कर रहे वैभव सूर्यवंशी अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाते हैं। कम उम्र में क्रिकेट जगत में पहचान बनाने वाले वैभव के प्रदर्शन पर स्थानीय दर्शकों की नजरें रहेंगी।
गेंदबाज उमरान मलिक भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे
जम्मू-कश्मीर की ओर से खेलने वाले तेज गेंदबाज उमरान मलिक भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। करीब 150 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से गेंदबाजी करने वाले उमरान को देखने के लिए क्रिकेट प्रेमी उत्साहित हैं। वहीं, पंजाब के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा के प्रदर्शन का भी इंतजार रहेगा।

पहले दिन चार मुकाबले, दो मैदानों पर भिड़ेंगी टीमें
टूर्नामेंट के पहले दिन होलकर स्टेडियम और डेली कॉलेज मैदान पर चार मैच खेले जाएंगे। बिहार-सौराष्ट्र और रेलवे-तमिलनाडु के अलावा पंजाब-हरियाणा के बीच भी मुकाबला होगा। जम्मू-कश्मीर और दिल्ली की टीमें शाम 4:30 बजे आमने-सामने होंगी।
फ्लड लाइट में भी खिलाड़ियों ने किया अभ्यास
गुरुवार को शाम के मुकाबलों को देखते हुए खिलाड़ियों ने फ्लड लाइट में भी अभ्यास किया। दोनों मैदानों पर टीमों ने पिच के मिजाज, उछाल और खेल की परिस्थितियों को समझने के लिए अलग-अलग सत्रों में प्रैक्टिस की। खिलाड़ियों को रोटेशन के आधार पर होलकर स्टेडियम में फ्लड लाइट के बीच अभ्यास का मौका दिया गया, ताकि वे मैच के दौरान परिस्थितियों के अनुरूप बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
यह खबर भी पढ़ें…
इंदौर में वैभव की स्पेशल ट्रेनिंग, स्पीड बढ़ाने पर फोकस

इंदौर में 14 नवंबर से शुरू होने वाली सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के लिए टीमें तैयारियों में जुटी हैं। डेली कॉलेज मैदान पर बिहार के कप्तान वैभव सूर्यवंशी का अभ्यास दूसरे खिलाड़ियों से अलग नजर आया। पढ़िए पूरी खबर…
