Headlines

EPFO Partial Withdrawal Rules Updated


1 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने करोड़ों नौकरीपेशा लोगों को बड़ी राहत देते हुए आंशिक निकासी (पार्शियल विड्रॉल) के नियमों को आसान बना दिया है। नए नियमों के तहत अब 55 साल की उम्र से पहले रिटायर होने वाले या नौकरी छोड़ने वाले सदस्य अपने पात्र पीएफ बैलेंस का 90% तक हिस्सा तुरंत निकाल सकेंगे। पहले यह सीमा 75% थी। इसके साथ ही, बेरोजगारी या जरूरत के समय पैसा निकालने के लिए न्यूनतम सदस्यता (वेटिंग पीरियड) की शर्त को 12 महीने से घटाकर सिर्फ 2 महीने कर दिया गया है।

बेरोजगारी और इमरजेंसी में अब 10 महीने कम करना होगा इंतजार

EPFO के इस फैसले से सब्सक्राइबर्स को रिटायरमेंट से पहले अपनी जमा पूंजी इस्तेमाल करने की ज्यादा आजादी मिलेगी। अब तक किसी भी सदस्य को बेरोजगारी की स्थिति में या आंशिक निकासी के लिए कम से कम 12 महीने की सदस्यता पूरी होने का इंतजार करना पड़ता था।

लेकिन अब केवल 2 महीने पूरे होने के बाद ही सदस्य अपने फंड से पैसा निकाल सकेंगे। इससे किसी भी वित्तीय इमरजेंसी या परिवार के बड़े खर्चों के दौरान लोगों को तुरंत आर्थिक मदद मिल सकेगी।

रिटायरमेंट फंड पूरी तरह खत्म न हो, इसका भी रखा गया ध्यान

नए फ्रेमवर्क में इस बात का भी खास ध्यान रखा गया है कि कर्मचारी जरूरत के नाम पर अपना पूरा रिटायरमेंट फंड एक साथ खाली न कर दें। इसलिए निकासी की अधिकतम सीमा 90% तय की गई है, ताकि खाते में कम से कम 10% राशि सुरक्षित रहे और भविष्य की सुरक्षा बनी रहे। सदस्य किस काम के लिए और कितनी बार पैसा निकाल रहे हैं, इसके आधार पर पात्र राशि तय की जाएगी।

किन-किन कामों के लिए निकाल सकते हैं PF का पैसा?

नए नियमों के तहत सदस्य कई जरूरी खर्चों के लिए अपने PF खाते से आंशिक निकासी कर सकते हैं:

मेडिकल इलाज: खुद की या परिवार के किसी सदस्य की बीमारी और अस्पताल के खर्चों के लिए।

पढ़ाई (एजुकेशन): खुद की या बच्चों/परिवार के सदस्यों की उच्च शिक्षा के खर्च के लिए।

शादी: खुद की या परिवार के किसी सदस्य की शादी के खर्चों को पूरा करने के लिए।

घर (हाउसिंग): नया घर या फ्लैट खरीदने, घर बनाने के लिए जमीन खरीदने, मकान का निर्माण करने, होम लोन चुकाने या मौजूदा घर की मरम्मत कराने के लिए।

विशेष परिस्थितियां: तय शर्तों के अधीन किसी विशेष आपातकालीन स्थिति में निकासी की सुविधा।

EPF स्कीम 2026: नियमों को 3 मुख्य कैटेगरी में बांटा गया

सरकार ने ‘EPF स्कीम 2026’ के तहत आंशिक निकासी के तमाम पुराने और जटिल नियमों को आसान बनाते हुए उन्हें तीन बड़ी कैटेगरी में बांट दिया है- जरूरी आवश्यकताएं, आवास आवश्यकताएं और विशेष परिस्थितियां। इसके तहत तय शर्तों और सीमाओं के भीतर पात्र बैलेंस से पैसा निकालने की अनुमति दी गई है। इस बदलाव का मकसद पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी और समझने में आसान बनाना है।

आगे क्या: पोर्टल के जरिए घर बैठे कर सकेंगे ऑनलाइन अप्लाई

नियमों में बदलाव के साथ-साथ क्लेम करने की प्रक्रिया को भी पूरी तरह डिजिटल और सरल रखा गया है। EPFO के सदस्य आधिकारिक पोर्टल (EPFO Member Portal) पर जाकर अपने UAN और पासवर्ड के जरिए लॉगिन करके इन नई शर्तों के तहत ऑनलाइन क्लेम कर सकते हैं। कागजी कार्रवाई कम होने और नियम सरल होने से अब क्लेम सेटलमेंट में लगने वाला समय भी कम होगा और कर्मचारियों के खाते में पैसा जल्दी ट्रांसफर हो सकेगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.