कुछ ही क्षण पहले
- कॉपी लिंक

IRCTC की वेबसाइट और एप से टिकट बुक करने में परेशानी आ रही है। यूजर्स को टिकट बुक करते समय हाई लोड का मैसेज दिख रहा है। रेलवे की तरफ से अभी कोई बयान नहीं आया है।
सबसे ज्यादा दिक्कत तत्काल टिकट बुकिंग के वक्त आई
- वेबसाइट का पेज खुल ही नहीं रहा था या बहुत देर तक लोड होता रहा।
- यूजर आईडी और पासवर्ड डालने पर लॉगिन एरर आ रहा था।
- ट्रेन सिलेक्ट करके पैसेंजर डिटेल भरने के बाद प्रोसेस आगे नहीं बढ़ रही।
- कई लोगों के खाते से पैसे कट गए, लेकिन टिकट कन्फर्म होने का मैसेज तुरंत नहीं दिखा।

IRCTC की वेबसाइट डाउन होने पर क्या करें
IRCTC वेबसाइट डाउन होने पर यूजर्स कस्टमर केयर नम्बर 14646,08044647999 और 08035734999 पर कॉल कर सकते हैं। ईमेल etickets@irctc.co.in के माध्यम से भी अपनी परेशानी बता सकते हैं। अगर अर्जेंट हो तो काउंटर पर जाकर टिकट बुक करा सकते हैं।
पैसा कट गया और टिकट नहीं बना तो क्या करें?
- तुरंत दोबारा टिकट बुक न करें: अगर खाते से पैसे कट गए हैं, तो पहले ‘My Transactions’ या ‘Booked Ticket History’ में जाकर स्टेटस देखें।
- ब्राउजर बदलकर देखें: गूगल क्रोम में दिक्कत आ रही हो तो मोजिला या इनकॉग्निटो मोड (प्राइवेट विंडो) में टिकट बुक करने की कोशिश करें।
- रिफंड का नियम: अगर पैसे कटने के बाद भी टिकट नहीं बना, तो घबराएं नहीं। IRCTC के मुताबिक यह पैसा 3 से 5 वर्किंग दिनों के अंदर अपने आप खाते में वापस आ जाता है।
IRCTC पर अक्सर टेक्निकल दिक्कतें क्यों आती हैं?
IRCTC यानी इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन रेल मंत्रालय के तहत सरकारी कंपनी है, जो देश में ऑनलाइन टिकट, कैटरिंग और टूरिज्म संभालती है।
IRCTC पर रोज सुबह 10 बजे एसी तत्काल और 11 बजे नॉन-एसी (स्लीपर) तत्काल की बुकिंग शुरू होती है। जब भी तत्काल बुकिंग शुरू होती है या त्योहारों का सीजन होता है, तब सर्वर पर अचानक भारी ट्रैफिक आ जाता है। इससे साइट स्लो या लॉगिन एरर देने लगती है।
