Nvidia CEO Jensen Huang China Affair Probe


वॉशिंगटन डीसी8 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग पर एक चीनी महिला से प्रेम संबंधों को लेकर जांच शुरू हो गई है। अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को शक है कि यह महिला चीन के लिए जासूसी कर रही थी। हुआंग ने पत्नी से बेवफाई की बात स्वीकार करते हुए माफी भी मांगी है।

इस मामले में एनवीडिया के बोर्ड के सामने एक बड़ी चुनौती है। कंपनी के ज्यादातर बड़े फैसले हुआंग ही लेते हैं और 60 से ज्यादा अधिकारी सीधे उन्हें रिपोर्ट करते हैं। कंपनी में फिलहाल कोई ऐसा बड़ा अधिकारी नहीं है, जो उनकी जगह ले सके। ऐसे में अगर बोर्ड उन्हें हटाने का फैसला करता है, तो सबसे बड़ा सवाल होगा कि एनवीडिया की कमान किसे सौंपी जाए?

एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग के साथ एलिस हुआंग। खुफिया एजेंसियों का मानना है कि एलिस एक जासूस है।

एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग के साथ एलिस हुआंग। खुफिया एजेंसियों का मानना है कि एलिस एक जासूस है।

गेमिंग चिप बनाने वाली कंपनी को AI का बादशाह बनाया

जेन्सन हुआंग ने 1993 में एनवीडिया की स्थापना की थी। शुरुआती दौर में कंपनी वीडियो गेम के लिए ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट यानी GPU चिप बनाती थी। इनका इस्तेमाल गेम में बेहतर ग्राफिक्स दिखाने के लिए होता था।

2006 में हुआंग ने एक बड़ा फैसला लिया। उन्होंने समझ लिया था कि भविष्य में इन चिप्स का इस्तेमाल AI तकनीक विकसित करने में भी हो सकता है। इसके बाद उन्होंने AI के लिए खास चिप और सॉफ्टवेयर बनाने में अरबों डॉलर लगा दिए।

उनका यह दांव सही साबित हुआ। आज AI से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट में एनवीडिया के चिप्स का इस्तेमाल होता है। कंपनी का इस बाजार में करीब 90% हिस्सा है। एनवीडिया दुनिया की पहली सार्वजनिक रूप से कारोबार करने वाली कंपनी बनी, जिसका बाजार मूल्य 5 ट्रिलियन डॉलर तक पहुंचा।

एनवीडिया CEO जेन्सन हुआंग नोकिया के साथ नई पार्टनरशिप की घोषणा करते हुए। दोनों कंपनियां मिलकर भविष्य के मोबाइल नेटवर्क (6G) और AI टेक्नोलॉजी पर काम कर रही हैं।

एनवीडिया CEO जेन्सन हुआंग नोकिया के साथ नई पार्टनरशिप की घोषणा करते हुए। दोनों कंपनियां मिलकर भविष्य के मोबाइल नेटवर्क (6G) और AI टेक्नोलॉजी पर काम कर रही हैं।

एलन मस्क और लैरी एलिसन भी मांग चुके हैं चिप्स

एनवीडिया के चिप्स के लिए दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां कितनी बेताब हैं, इसका अंदाजा एक डिनर की घटना से लगाया जा सकता है।

2024 में एक रात ओरेकल के सह-संस्थापक लैरी एलिसन और टेस्ला-स्पेसएक्स के CEO एलन मस्क, एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग के साथ डिनर कर रहे थे। इस दौरान दोनों ने हुआंग से ज्यादा चिप्स देने की गुजारिश की।

एलिसन ने बाद में इस घटना को याद करते हुए बताया कि उन्होंने हुआंग से यहां तक कह दिया था, ‘कृपया हमारा पैसा ले लीजिए। जितना ले रहे हैं, उससे ज्यादा लीजिए। हमें आपसे और चिप्स चाहिए।’

यानी दुनिया के दो बड़े कारोबारी भी उस वक्त हुआंग के सामने ज्यादा चिप्स पाने के लिए गुहार लगा रहे थे। कंपनी की इसी कामयाबी ने हुआंग को टेक्नोलॉजी की दुनिया का चर्चित चेहरा बना दिया।

एनवीडिया की डेवलपर कॉन्फ्रेंस में उन्हें सुनने के लिए लोग घंटों लाइन में खड़े रहते हैं। कई कार्यक्रमों में लोग उनसे ऑटोग्राफ लेने के लिए भीड़ लगा देते हैं।

जेन्सन की पहचान बन चुकी यह काली चमड़े की एक जैकेट नीलामी में करीब 10 लाख डॉलर में बिकी थी।

जेन्सन की पहचान बन चुकी यह काली चमड़े की एक जैकेट नीलामी में करीब 10 लाख डॉलर में बिकी थी।

कंपनी के हर बड़े फैसले में हुआंग की चलती है

हुआंग के पास एनवीडिया की 3.56% हिस्सेदारी है। वे कंपनी के सबसे बड़े व्यक्तिगत शेयरधारक भी हैं। कंपनी में उनका दबदबा सिर्फ शेयरों तक सीमित नहीं है। वे रोजमर्रा के काम से लेकर बड़े कारोबारी फैसलों तक में सीधे शामिल रहते हैं। अमेरिकी सरकार की AI और चिप नीतियों पर भी उनका असर रहा है।

कंपनी पर उनकी इतनी मजबूत पकड़ की एक वजह उनका काम करने का तरीका भी है। एनवीडिया में 60 से ज्यादा अधिकारी सीधे उन्हें रिपोर्ट करते हैं। यानी कंपनी के बड़े अधिकारियों को भी अपने फैसलों के लिए बीच के कई स्तरों से नहीं गुजरना पड़ता।

हुआंग पद और रैंक के आधार पर काम बांटने के बजाय अलग-अलग प्रोजेक्ट पर ध्यान देते हैं। 2023 में एक पॉडकास्ट में उन्होंने कहा था कि कौन किसके नीचे काम करता है, इसका चार्ट बनाना उन्हें समझ नहीं आता।

वे प्रोजेक्ट के हिसाब से बैठकें करते हैं। इनमें कॉलेज से नए निकले कर्मचारी से लेकर कंपनी के बड़े अधिकारी तक शामिल होते हैं। हर कोई सीधे उनके सामने अपनी बात रख सकता है। हुआंग का दावा है कि वे रोजाना कंपनी के कर्मचारियों के हजारों ईमेल पढ़ते हैं।

उनके काम करने के इस तरीके की तुलना एप्पल के संस्थापक स्टीव जॉब्स से की जाती है। जॉब्स की तरह हुआंग भी कंपनी के लगभग हर अहम काम पर खुद नजर रखते हैं और बड़े फैसलों में सीधे शामिल होते हैं।

बोर्ड में भी हुआंग के पुराने कारोबारी साझेदार

एनवीडिया के बोर्ड में कुल 11 सदस्य हैं। इनमें कंपनी के सह-संस्थापक और CEO जेन्सन हुआंग भी शामिल हैं। बोर्ड के सदस्यों में दो ऐसे लोग हैं, जो उन निवेश कंपनियों से जुड़े रहे हैं, जिन्होंने 1993 में एनवीडिया में शुरुआती निवेश किया था। वहीं, दो और सदस्य 1990 के दशक में एनवीडिया के साथ काम करने वाली चिप डिजाइन कंपनी सिंप्सिस से जुड़े रहे हैं।

कंपनी के तीन पूर्व कर्मचारियों के मुताबिक, एनवीडिया में असली फैसले जेन्सन हुआंग ही लेते हैं। बोर्ड की भूमिका कंपनी के कामकाज में ज्यादा नहीं रही है।

अब वही बोर्ड हुआंग के खिलाफ जांच कर रहा है। बोर्ड ने कहा कि फिलहाल ऐसा कोई सबूत नहीं मिला है, जिससे लगे कि एनवीडिया की गोपनीय जानकारी चीन तक पहुंची है या अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा को नुकसान हुआ है।

ट्रम्प से नजदीकी, अमेरिकी AI नीतियों पर भी असर

हुआंग की अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प के साथ भी अच्छी नजदीकी है। दोनों के बीच अक्सर फोन पर बातचीत होती है। एक बार टेक्नोलॉजी समिट के दौरान भी ट्रम्प ने हुआंग को अचानक फोन लगा दिया था।

हुआंग ने पिछले साल ट्रम्प को चीन को चिप बेचने पर लगी पाबंदियां हटाने के लिए मनाया था। हुआंग का तर्क था कि चीन जैसे बड़े बाजार से अमेरिकी कंपनियों को पूरी तरह दूर रखने से उनका कारोबार प्रभावित होगा और चीन अपनी चिप इंडस्ट्री को तेजी से आगे बढ़ा सकता है।

इस तरह हुआंग सिर्फ एनवीडिया का कारोबार ही नहीं संभालते, बल्कि अमेरिकी सरकार की टेक्नोलॉजी नीतियों को प्रभावित करने में भी उनकी अहम भूमिका रही है।

इसी साल 14 सितंबर को एक पैनल चर्चा के दौरान हुआंग मंच पर थे। तभी ट्रम्प का फोन आ गया। हुआंग ने सबके सामने फोन उठाया और राष्ट्रपति से बातचीत की।

इसी साल 14 सितंबर को एक पैनल चर्चा के दौरान हुआंग मंच पर थे। तभी ट्रम्प का फोन आ गया। हुआंग ने सबके सामने फोन उठाया और राष्ट्रपति से बातचीत की।

बेटे-बेटी और दामाद को भी कंपनी में बड़े पद

बेटा स्पेंसर हुआंग: कंपनी में प्रोडक्ट मैनेजमेंट के डायरेक्टर हैं। रोबोटिक्स से जुड़े कामों में उनकी बड़ी भूमिका है।

बेटी मैडिसन हुआंग: प्रोडक्ट मार्केटिंग की सीनियर डायरेक्टर हैं। वे रोबोटिक्स के साथ कंपनी के संचार और मार्केटिंग का काम भी देखती हैं।

दामाद निको कैप्रेज: कंपनी में बिजनेस डेवलपमेंट का काम संभालते हैं।

परिवार के सदस्यों को मिल रही इन जिम्मेदारियों से कंपनी के कुछ कर्मचारी नाराज भी हैं। उन्हें लगता है कि हुआंग अपने बच्चों को भविष्य में कंपनी की कमान संभालने के लिए तैयार कर रहे हैं।

इससे कंपनी के भीतर काम करने के तरीके पर भी असर पड़ा है। बैठकों में हुआंग के बच्चों की अपने पिता तक सीधी पहुंच होती है। वहीं, कंपनी के हर बड़े फैसले में आखिरी मंजूरी हुआंग ही देते हैं। कुछ ग्राहक, सप्लायर और कारोबारी सलाहकार भी अब उनके बच्चों के साथ अपने रिश्ते मजबूत कर रहे हैं।

हुआंग हटे तो कौन संभालेगा एनवीडिया?

फिलहाल यह साफ नहीं है कि जांच कब तक पूरी होगी। यह भी तय नहीं है कि जांच के बाद हुआंग को CEO पद से हटाया जाएगा या नहीं।

लेकिन अगर उन्हें हटाया जाता है तो कंपनी के सामने नया बॉस चुनने की चुनौती होगी। हुआंग ने खुद कहा है कि उनकी जगह लेने के लिए कंपनी में कई लोग हैं। उनके बेटे और बेटी भी इनमें शामिल हो सकते हैं।

हालांकि, एनवीडिया का कामकाज काफी हद तक हुआंग के भरोसे चलता है। कंपनी के बड़े फैसले वही लेते हैं। ऐसे में उनके हटने पर कंपनी को संभालना आसान नहीं होगा। बोर्ड के सामने सबसे बड़ा सवाल यही है कि अगर हुआंग नहीं रहे तो एनवीडिया की कमान किसे सौंपी जाए?

—————————

यह खबर भी पढ़ें…

एनवीडिया CEO का चीनी महिला से अफेयर:पत्नी-बच्चों से माफी मांगी, अमेरिका को शक- चीन के लिए जासूसी कर रही थी

दुनिया की सबसे बड़ी चिप कंपनी एनवीडिया के CEO जेन्सन हुआंग ने एक चीनी महिला कारोबारी एलिस हुआंग से अफेयर की बात मान ली है। पूरी खबर यहां पढ़ें…

खबरें और भी हैं…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Newsmatic - News WordPress Theme 2026. Powered By BlazeThemes.